PM मोदी ने जानी चंडीगढ़ की पर्यटन संभावनाएं, फिल्म शूटिंग और यूनेस्को धरोहर पर हुई चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी ने एकता नगर में भारत पर्व-2026 के दौरान चंडीगढ़ मंडप का दौरा किया। उन्होंने चंडीगढ़ के पर्यटन आकर्षणों, ...और पढ़ें

प्रधानमंत्री ने असिस्टेंट डायरेक्टर हितेश भारद्वाज से बातचीत की।
HighLights
प्रधानमंत्री ने भारत पर्व में चंडीगढ़ मंडप का दौरा किया।
शहर के पर्यटन, वास्तुकला, यूनेस्को धरोहर पर चर्चा हुई।
फिल्म शूटिंग के लिए सिंगल विंडो सुविधा पर प्रकाश डाला।
राजेश ढल्ल, चंडीगढ़। चंडीगढ़ की पहचान सिर्फ देश के पहले सुनियोजित शहर के रूप में ही नहीं, बल्कि आधुनिक वास्तुकला, विश्व धरोहर और फिल्म शूटिंग के उभरते केंद्र के रूप में भी है। अब इसी पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की कोशिश की जा रही है। गुजरात के एकता नगर में आयोजित भारत पर्व-2026 में चंडीगढ़ के पर्यटन आकर्षणों को प्रदर्शित किया जा रहा है।
महोत्सव के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री ने चंडीगढ़ मंडप का दौरा किया और शहर का प्रतिनिधित्व कर रहे असिस्टेंट डायरेक्टर हितेश भारद्वाज से करीब 7-8 मिनट बातचीत की। इस दौरान चंडीगढ़ की वास्तुकला विरासत, यूनेस्को विश्व धरोहर कैपिटल काॅम्प्लेक्स और फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई।
भारद्वाज ने प्रधानमंत्री को फिल्म शूटिंग के लिए शुरू की गई सिंगल विंडो क्लीयरेंस सुविधा की जानकारी भी दी। इसके तहत फिल्म निर्माताओं को शूटिंग से जुड़ी विभिन्न अनुमतियां एक ही संपर्क बिंदु के माध्यम से उपलब्ध करवाई जाती हैं। इससे अलग-अलग विभागों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होती है और अनुमति प्रक्रिया समयबद्ध बनती है।
चंडीगढ़ में पंजाबी, बॉलीवुड और दक्षिण भारतीय फिल्मों की शूटिंग हो चुकी है। धुरंधर सहित विभिन्न फिल्म परियोजनाओं में भी शहर की लोकेशन का इस्तेमाल किया गया है। फिल्म शूटिंग के लिए बेहतर समन्वय और आसान अनुमति व्यवस्था के कारण चंडीगढ़ फिल्म निर्माताओं की पसंद बनता जा रहा है।