Weather Update: झारखंड में पड़ने वाली है हाड़ कंपा देने वाली ठंड, लातेहार में 7.2 डिग्री पहुंचा तापमान
राजधानी रांची में ठंड का असर बढ़ गया है, जहां न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। पिछले 24 घंटे में तापमान में 2.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे सुबह-शाम ठिठुरन महसूस हो रही है।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
रांची का न्यूनतम तापमान गिरकर 9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा।
पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 2.6 डिग्री की गिरावट।
लातेहार में सबसे कम 7.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज।
जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची में ठंड का असर अब धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। सुबह और शाम के समय कनकनी के साथ रात में ठिठुरन महसूस होने लगी है। तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव के बीच रात का पारा नीचे गिरने से लोगों की परेशानी बढ़ रही है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र की ओर से शनिवार को जारी Jharkhand Weather Update के अनुसार, राजधानी का न्यूनतम तापमान गिरकर 9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।
पिछले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में 2.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। यह सामान्य तापमान से भी 2.6 डिग्री कम है। ऐसे में सुबह और देर रात घरों से बाहर निकलने वाले लोगों को ठंड का अधिक एहसास हो रहा है।
राजधानी में दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार को रांची का अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री कम है।
पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में भी 1.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। इसके कारण दिन में भी पहले की तुलना में ठंड का एहसास बढ़ा है।
हालांकि, दोपहर में धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिल रही है, लेकिन सुबह और शाम के समय मौसम ठंडा बना हुआ है। खासकर बुजुर्गों और बच्चों को ठंड से बचाव की जरूरत है।
लातेहार में सबसे कम 7.2 डिग्री तापमान
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार शनिवार को झारखंड में सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, खूंटी में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री और रांची में 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
दूसरी ओर, राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में दर्ज हुआ। इससे स्पष्ट है कि राज्य के अलग-अलग जिलों में तापमान का अंतर बना हुआ है। रांची और आसपास के क्षेत्रों में रात का तापमान कम रहने से ठंड का असर अधिक महसूस किया जा रहा है।
पश्चिम बंगाल के आसपास चक्रवाती परिसंचरण
मौसम विभाग के अनुसार गंगा के पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से करीब 1.5 किलोमीटर ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसका असर क्षेत्रीय मौसम पर देखा जा रहा है।
हालांकि, फिलहाल झारखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के किसी भी प्रमुख मौसम केंद्र में बारिश दर्ज नहीं की गई।
रांची में भी बारिश शून्य रही है। तापमान में गिरावट को देखते हुए सुबह और देर शाम बाहर निकलने वाले लोगों को गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी जा रही है।
यह भी पढ़ें- Jharkhand Weather: सुबह कोहरे की चादर, रात में ठंड का पहरा; झारखंड में अगले पांच दिन ऐसा रहेगा मौसम का मिजाज
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।