विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राज्यसभा चुनाव: परिमल नथवाणी के समर्थन में NDA विधायक दल की बैठक, 24 में से 17 विधायक हुए शामिल

Published: Mon, 15 Jun 2026 10:24 PM (IST)

राज्यसभा चुनाव के लिए एनडीए विधायक दल की बैठक में 24 में से 17 विधायक ही पहुंचे, लेकिन भाजपा ने निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नथवाणी की जीत का दावा किया है।

एनडीए के विधायक दल की हुई बैठक। (जागरण)

एनडीए के विधायक दल की हुई बैठक। (जागरण)

HighLights

  1. एनडीए विधायकों की बैठक में 24 में से 17 विधायक उपस्थित रहे।

  2. भाजपा ने निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नथवाणी की जीत का दावा किया।

  3. अनुपस्थित विधायकों ने निजी कारणों से बैठक में शामिल न होने की सूचना दी।

राज्य ब्यूरो, रांची। राज्यसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नथवाणी को समर्थन दे रहे एनडीए के विधायक दल की बैठक सोमवार को भाजपा कार्यालय में हुई।

इस बैठक में एनडीए के 24 में से 17 विधायक ही पहुंचे। सात विधायक बैठक में नहीं पहुंचे। हालांकि आजसू प्रमुख सुदेश महतो और लोजपा-आर के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान विधायक दल की बैठक में मौजूद रहे। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने विधायकों के साथ वोटिंग की प्रक्रिया और समय पर पहुंचने की योजना पर चर्चा की।

भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने बैठक के बाद कहा कि जो विधायक बैठक में नहीं आए थे, उन्होंने पूर्व में इसकी जानकारी दे दी थी।

JHARKHAND NDA MEETING

चुनाव में पूरा एनडीए एकजुट है। बैठक में प्रत्याशी परिमल नथवाणी भी मौजूद थे। राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा के पर्यवेक्षक बनाए गए छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी एनडीए विधायकों से जीत के समीकरण पर चर्चा की।

ये विधायक रहे अनुपस्थित

चम्पाई सोरेन, आलोक चौरसिया, प्रकाश राम, शत्रुघ्न महतो, रागिनी सिंह, पूर्णिमा साहू तथा सरयू राय (जदयू)।

निजी वजहों से नहीं आए विधायक

एनडीए विधायक दल की बैठक में नहीं आने वाले विधायकों ने निजी कारण बताए हैं। जदयू विधायक सरयू राय और चम्पाई सोरेन रास्ते में थे। चम्पाई सोरेन मंगलवार को भाजपा के सांगठनिक कार्यक्रम में गुमला जा रहे हैं।

रागिनी सिंह के ससुर की पुण्यतिथि पर उनके क्षेत्र में बड़ा कार्यक्रम आयोजित था। इसी तरह शत्रुघ्न महतो और आलोक चौरसिया के घर पर भी बड़े आयोजन पहले से तय थे।

प्रकाश राम बीमार हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। नवीन जायसवाल ने कहा कि पूरा एनडीए परिमल नथवाणी के साथ है। उन्हें 28 से अधिक वोट मिलेंगे।

यह भी पढ़ें- झारखंड BJP ने बदली मीडिया टीम, योगेन्द्र प्रताप बने मीडिया प्रभारी; प्रतुल शाहदेव बने मुख्य प्रवक्ता