e-Kalyan Scholarship: झारखंड पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप के लिए शेड्यूल जारी, कब से कब तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
झारखंड में अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति हेतु ई-कल्याण पोर्टल 15 मई ...और पढ़ें

20 मई से 31 जुलाई तक ई-कल्याण पोर्टल पर आनलाइन आवेदन कर सकेंगे विद्यार्थी। (फोटो: जागरण फाइल)
HighLights
पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए ई-कल्याण पोर्टल 15 मई से खुलेगा।
विद्यार्थी 20 मई से 31 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
आधार-आधारित बैंक खाते का केवाईसी कराना अनिवार्य है।
राज्य ब्यूरो, रांची। राज्य के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए संचालित पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया 20 मई से शुरू होगी। इसके लिए 15 मई से ई कल्याण पोर्टल खोल दिया जाएगा।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विद्यार्थियों को झारखंड राज्य पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना नियमावली, 2022 के तहत पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। आदिवासी कल्याण आयुक्त कार्यालय ने इसे लेकर सूचना प्रकाशित कर दी है।
इसके तहत शैक्षणिक संस्थान ई कल्याण पोर्टल पर 15 मई से 30 जून तक पंजीकरण करा सकेंगे। छात्रवृत्ति का लाभ लेने को इच्छुक विद्यार्थी 20 मई से 31 जुलाई तक आनलाइन आवेदन कर सकेगे। 20 मई से 31 अगस्त तक संबंधित शैक्षणिक संस्थानों द्वारा छात्र-छात्राओं के आवेदन को आनलाइन सत्यापन किया जाएगा।
यह कार्य संस्थान के नोडल पदाधिकारी द्वारा किया जाएगा। 20 मई से 30 सितंबर तक संबंधित जिला नोडल पदाधिकारी आवेदनों का आनलाइन सत्यापन करेंगे, जिसके बाद विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति स्वीकृत की जाएगी।
आदिवासी कल्याण आयुक्त ने विद्यार्थियों तथा शैक्षणिक संस्थानों से संबंधित नियमावली तथा निर्देशों को ध्यानपूवर्क पढ़ने तथा उनका अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है।
साथ ही सभी विद्यार्थियों को आधार आधारित बैंक खाता का केवाइसी भी अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यार्थियों को एक से अधिक आवेदन नहीं करने तथा आवेदन में गलत व भ्रामक सूचना नहीं देने का भी सुझाव दिया गया है।
