एएसआई में प्रोन्नति से पहले झारखंड पुलिस के 500 हवलदार को 12 सप्ताह का प्रशिक्षण, 23 नवंबर से नेतरहाट में ट्रेनिंग
झारखंड पुलिस के 500 हवलदारों को एएसआई में प्रोन्नति से पहले नेतरहाट में 12 सप्ताह का प्रशिक्षण मिलेगा। इस दौरान ...और पढ़ें

नए आपराधिक कानूनों से होंगे अवगत, प्रशिक्षण के बाद प्रोन्नति होगी।
HighLights
500 हवलदारों को एएसआई प्रोन्नति से पहले प्रशिक्षण।
नेतरहाट के जंगल वारफेयर स्कूल में 12 सप्ताह का प्रशिक्षण।
नए आपराधिक कानूनों की जानकारी मिलेगी, अनुसंधान अधिकार।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड पुलिस में सहायक अवर निरीक्षक (एएसआइ) में प्रोन्नति से पहले राज्य के 500 हवलदारों को 12 सप्ताह का प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। यह प्रशिक्षण लातेहार जिले के नेतरहाट स्थित जंगल वारफेयर स्कूल में 23 नवंबर से शुरू होगा।
इसके लिए चयनित वरीय हवलदारों की सूची जारी करते हुए आइजी प्रशिक्षण ने सभी एसएसपी-एसपी से पत्राचार किया है, ताकि सभी संबंधित हवलदारों को प्रशिक्षण के लिए अपने-अपने जिला व इकाइयों से ससमय विरमित कर सकें। संबंधित हवलदारों को 22 नवंबर तक जंगल वारफेयर स्कूल में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस मुख्यालय ने जंगल वारफेयर स्कूल के प्राचार्य को भी निर्देश दिया है कि प्रशिक्षण के लिए योगदान देने वालों प्रशिक्षु हवलदारों की सूची 30 नवंबर तक हार्ड व साफ्ट कापी में पुलिस मुख्यालय को सौंपें। प्रशिक्षण अवधि में सेवानिवृत्त होने वाले चालक हवलदार, आयुध हवलदार व निलंबित हवलदार आदि इस प्रशिक्षण में शामिल नहीं होंगे।
सभी चयनित हवलदार वरीयता क्रमांक 3123 के ऊपर के हैं। इस क्रमांक तक के हवलदारों का पूर्व में प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। इसके बावजूद जो किसी वजह से प्रशिक्षण नहीं ले पाए हैं, वे भी अपने नियंत्री पदाधिकारी के माध्यम से प्रशिक्षण निदेशालय को सूचित कर प्रशिक्षण सत्र में शामिल हो सकते हैं।
मिली जानकारी के अनुसार इस 12 सप्ताह के प्रशिक्षण के दौरान हवलदारों को नए आपराधिक कानून भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) व भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए) की जानकारी दी जाएगी।
प्रशिक्षण के बाद सभी प्रशिक्षु हवलदार अपने पैतृक जिला व इकाई में वापस जाएंगे। एएसआइ व उसके ऊपर के अधिकारियों को ही किसी भी तरह के कांड में अनुसंधान का अधिकार प्राप्त है। ऐसे हवलदार प्रशिक्षण के बाद एएसआइ में प्रोन्नत होंगे तो उन्हें अनुसंधान का अधिकार प्राप्त हो जाएगा। इससे लंबित व वर्तमान में दर्ज होने वाले कांडों के अनुसंधान में तेजी आएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।