झारखंड में MDS की खाली सीटों पर दाखिले का मौका, 22 नवंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन
झारखंड में एमडीएस की खाली सीटों पर दाखिले के लिए स्ट्रे वैकेंसी राउंड की काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू हो गई है। योग्य अभ्यर्थी 22 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जिसके बाद 24 से 26 नवंबर तक च्वाइस फिलिंग और 27-28 नवंबर को सीट आवंटन होगा।

एमडीएस खाली सीटों पर दाखिले के लिए काउंसिलिंग शुरू। (फोटो- Google)
HighLights
एमडीएस खाली सीटों पर दाखिले के लिए काउंसिलिंग शुरू।
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 22 नवंबर निर्धारित।
जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड में एमडीएस की राज्य कोटा की रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए स्ट्रे वैकेंसी राउंड की काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू हो गई है। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (जेसीईसीईबी) ने इसके लिए कार्यक्रम जारी कर दिया है। नीट एमडीएस-2026 में सफल योग्य अभ्यर्थी 22 नवंबर तक पर्षद की वेबसाइट https://jceceb.jharkhand.gov.in पर आनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 23 नवंबर को अंतिम राज्य मेधा सूची जारी होगी। इसके बाद 24 से 26 नवंबर तक अभ्यर्थी अपनी पसंद के संस्थानों और पाठ्यक्रमों का विकल्प भर सकेंगे। 27 और 28 नवंबर को औपबंधिक सीट आवंटन पत्र जारी करने के साथ संबंधित संस्थानों में प्रमाणपत्रों का सत्यापन और नामांकन होगा।
इस काउंसिलिंग में अखिल भारतीय कोटा या राज्य कोटा के तहत किसी सरकारी, निजी अथवा डीम्ड संस्थान में सीट प्राप्त कर नामांकन ले चुके अभ्यर्थी शामिल नहीं हो सकेंगे। वहीं, राज्य कोटा की तीसरे चरण की मेधा सूची में पहले से शामिल अभ्यर्थियों को दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं है।
सामान्य वर्ग के लिए एक हजार रुपये शुल्क
आवेदन शुल्क सामान्य, ईडब्ल्यूएस, बीसी-वन और बीसी-टू वर्ग के लिए एक हजार रुपये निर्धारित किया गया है। एससी-एसटी और सभी वर्गों की महिला अभ्यर्थियों को 500 रुपये देने होंगे, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है। काउंसिलिंग शुल्क सामान्य, ईडब्ल्यूएस और बीसी वर्ग के लिए दो हजार रुपये तथा एससी-एसटी और महिला अभ्यर्थियों के लिए 1200 रुपये है।
सरकारी मेडिकल कॉलेज में सामान्य और ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थियों को 30 हजार रुपये तथा एससी, एसटी, ओबीसी और दिव्यांग अभ्यर्थियों को 15 हजार रुपये सुरक्षा राशि जमा करनी होगी। निजी मेडिकल कालेज के लिए दो लाख और निजी डेंटल कालेज के लिए एक लाख रुपये निर्धारित हैं। स्ट्रे/माप-अप राउंड के लिए सुरक्षा राशि 50 हजार रुपये होगी।
पर्षद के अनुसार, सीट आवंटन के बाद निर्धारित समय में नामांकन नहीं लेने, गलत जानकारी देने या मूल प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं करने पर सुरक्षा राशि जब्त की जा सकती है। वैध नामांकन लेने और काउंसिलिंग के किसी भी चरण में सीट आवंटित नहीं होने की स्थिति में नियमानुसार राशि वापस की जाएगी। काउंसिलिंग में एमडीएस-2026 के लिए मेडिकल काउंसलिंग कमेटी के दिशा-निर्देश लागू होंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।