विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड शराब घोटाला मामले में ACB की कार्रवाई, कारोबारी नवीन केडिया को गोवा से किया गिरफ्तार

Published: Thu, 08 Jan 2026 11:12 AM (IST)Updated: Thu, 08 Jan 2026 12:25 PM (IST)

झारखंड शराब घोटाला मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) को बड़ी सफलता मिली है। एसीबी ने छत्तीसगढ़ के शराब कारोबारी ...और पढ़ें

एसीबी ने किया गिरफ्तार। (जागरण)

एसीबी ने किया गिरफ्तार। (जागरण)

HighLights

  1. एसीबी ने झारखंड शराब घोटाला मामले में कार्रवाई की।

  2. छत्तीसगढ़ के शराब कारोबारी नवीन केडिया गोवा से गिरफ्तार।

  3. केडिया को ट्रांजिट रिमांड पर रांची लाया जाएगा।

राज्य ब्यूरो, रांची। शराब घोटाला मामले में भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत जांच कर रही एसीबी ने गुरुवार को छत्तीसगढ़ के शराब कारोबारी नवीन केडिया को गोवा से गिरफ्तार कर लिया है।

अब एसीबी उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर रांची आएगी। इसके बाद उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। एसीबी ने नवीन केडिया का गिरफ्तारी वारंट निकाला था। इसके बाद से ही वह फरार था। उसने जमानत के लिए कोर्ट में अर्जी भी लगा रखी थी।

उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के पूर्व प्रधान सचिव विनय कुमार चौबे के कार्यकाल में मई 2022 में लागू उत्पाद नीति के दौरान छत्तीसगढ़ के शराब कारोबारियों, प्लेसमेंट एजेंसियों को झारखंड में काम दिया गया था।

इन कारोबारियों से कमीशन के रूप में मोटी रकम देकर झारखंड में काम देने का आरोप है। शराब कारोबारी नवीन केडिया को भी विनय कुमार चौबे का कारीबी बताया जा रहा है। अब पूछताछ में एसीबी को आगे की जानकारी मिलेगी।

Naveen Kedia

 शराब कारोबारी नवीन केडिया।

13 अक्टूबर 2025 के बाद से नवीन केडिया के रूप में यह छठी गिरफ्तारी है। इससे पूर्व एसीबी ने 13 अक्टूबर 2025 को गुजरात के अहमदाबाद से प्लेसमेंट एजेंसी विजन हॉस्पिटालिटी सर्विसेज एंड कंस्ल्टेंट्स से जुड़े तीन आरोपितों परेश अभेसिंह ठाकोर, विक्रमासिंह, अभेसिंह ठाकोर व महेश शिडगे को गिरफ्तार किया था।

14 नवंबर को एसीबी ने छत्तीसगढ़ के विलासपुर से शराब कारोबारी राजेंद्र जायसवाल उर्फ चुन्नू जायसवाल को गिरफ्तार किया था। 13 दिसंबर को महाराष्ट्र के ठाणे से एसीबी ने प्लेसमेंट एजेंसी मेसर्स मार्शन के निदेशक जगन तुकाराम देसाई को गिरफ्तार किया था। अब यह छठा कारोबारी नवीन केडिया गिरफ्तार किया गया है।

यह भी पढ़ें- झारखंड शराब घोटाला में जांच तेज, देसी शराब 'टंच' के निदेशक उमाशंकर से ACB ने की पूछताछ