नौ साल के लंबे इंतजार के बाद 1 नवंबर को होगी JTET, 15 अक्टूबर से डाउनलोड कर सकेंगे प्रवेश पत्र
नौ साल के लंबे इंतजार के बाद झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) 1 नवंबर को आयोजित होगी। अभ्यर्थी 15 अक्टूबर ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।
HighLights
1 नवंबर को होगी झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा।
15 अक्टूबर से डाउनलोड होगा JTET 2026 का एडमिट कार्ड।
आवेदन में दी पसंद के आधार पर मिलेगा परीक्षा केंद्र।
जागरण संवाददाता, रांची। करीब नौ वर्ष के लंबे इंतजार के बाद झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) एक नवंबर को आयोजित होगी। परीक्षा को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी 15 अक्टूबर से झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
प्रवेश पत्र में परीक्षा केंद्र का पता, परीक्षा की तिथि, समय सहित अन्य जरूरी जानकारी दर्ज होगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को समय रहते अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर उसमें दर्ज सभी विवरण की जांच करने की सलाह दी गई है। जेटेट के आयोजन को लेकर राज्यभर में एक हजार से अधिक परीक्षा केंद्र तैयार किए जा रहे हैं।
बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने को देखते हुए केंद्रों पर आधारभूत सुविधाओं के साथ परीक्षा संचालन और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
आवेदन में दी गई पसंद के आधार पर केंद्र
जेटेट के आवेदन के समय अभ्यर्थियों से परीक्षा केंद्र को लेकर प्राथमिकता मांगी गई थी। उन्हें अपने गृह जिले को छोड़कर राज्य के किसी भी जिले को परीक्षा केंद्र के लिए चुनने का विकल्प दिया गया था। अब केंद्रों का आवंटन अभ्यर्थियों द्वारा आवेदन के दौरान दर्ज कराई गई प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
हालांकि अंतिम केंद्र आवंटन उपलब्ध सीटों और परीक्षा व्यवस्था के अनुरूप किया जाएगा। जेटेट को पारदर्शी तरीके से कराने और परीक्षा के दौरान कदाचार पर अंकुश लगाने के लिए केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की जा रही है। जिन केंद्रों पर पहले से निगरानी कैमरे उपलब्ध नहीं हैं, वहां परीक्षा से पहले सीसीटीवी लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
2016 में हुई थी पिछली परीक्षा
राज्य में पिछली जेटेट परीक्षा वर्ष 2016 में हुई थी। इसके बाद लंबे समय तक परीक्षा आयोजित नहीं होने के कारण शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को पात्रता परीक्षा के लिए इंतजार करना पड़ा। अब एक नवंबर को परीक्षा होने से लंबे समय से तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा। जेटेट में सफल अभ्यर्थी राज्य में शिक्षक नियुक्ति की निर्धारित प्रक्रिया में पात्रता के आधार पर शामिल हो सकेंगे।
जेटेट मुख्य रूप से दो स्तर पर आयोजित की जाती है। पहला पेपर प्राथमिक कक्षाओं यानी कक्षा एक से पांच के शिक्षक बनने के लिए और दूसरा पेपर उच्च प्राथमिक यानी कक्षा छह से आठ के शिक्षक बनने की पात्रता से संबंधित होता है। संबंधित स्तर के लिए निर्धारित शैक्षणिक एवं व्यावसायिक योग्यता पूरी करने वाले अभ्यर्थी इसमें शामिल हो सकते हैं।
इनमें इंटरमीडिएट, स्नातक के साथ डीएलएड, बीएड अथवा निर्धारित इंटीग्रेटेड शिक्षक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम जैसी योग्यताएं शामिल हैं। अंतिम वर्ष या अपीयरिंग अभ्यर्थियों की पात्रता परीक्षा के नियमों के अनुरूप तय होगी।
यह भी पढ़ें- रांची विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों को बड़ी सौगात, भत्ता 83% बढ़ा; जीवन बीमा भी होगा
