विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड की जेलों में होगी क्लर्क की भर्ती, 12वीं पास और डिप्लोमा वालों के लिए मौका

Published: Sat, 17 Oct 2026 08:02 PM (IST)

झारखंड की जेलों में लंबे समय बाद 29 निम्न वर्गीय लिपिक सह कंप्यूटर संचालक पदों पर सीधी नियुक्ति होगी।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. जेलों में 29 लिपिक पदों पर सीधी नियुक्ति होगी।

  2. अगले माह जारी हो सकता है नियुक्ति विज्ञापन।

  3. इंटरमीडिएट पास और कंप्यूटर डिप्लोमा धारक आवेदन कर सकेंगे।

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड की जेलों में लंबे समय बाद लिपिकों की नियुक्ति होगी। गृह विभाग ने निम्न वर्गीय लिपिक सह कंप्यूटर संचालक के 29 पदों पर सीधी नियुक्ति की प्रारंभिक जानकारी झारखंड कर्मचारी चयन आयोग को भेजी है।

साथ ही पदों के सृजन तथा पिछले वर्ष लागू नियुक्ति नियमावली की जानकारी दी है ताकि आयोग नियुक्ति की तैयारी कर सके। इन पदों पर नियुक्ति झारखंड इंटरमीडिएट स्तर (कंप्यूटर ज्ञान एवं कंप्यूटर में हिन्दी टंकण अर्हता धारक पद के लिए) संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से होगी।

वर्ष 2023 में शुरू हुई इस परीक्षा की प्रक्रिया हाल ही में रद कर दी गई थी। अब इस प्रतियोगिता परीक्षा की प्रक्रिया लिपिकों के पद जोड़े जाने के बाद नए सिरे से शुरू की जाएगी।

अगले माह इसके लिए विज्ञापन जारी हो सकता है। जेलों में निम्नवर्गीय लिपिकों की नियुक्ति गृह विभाग द्वारा पिछले वर्ष अधिसूचित झारखंड राज्य कारा लिपिक सह कंप्यूटर संचालक संवर्ग नियुक्ति नियमावली, 2025 के तहत की जाएगी।

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा इसे लेकर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए इंटरमीडिएट या 12वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक होगा।

साथ ही अभ्यर्थी के पास सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त निबंधित संस्थान से कंप्यूटर अप्लीकेशन में न्यूनतम 06 माह का डिप्लोमा कोर्स का प्रमाण पत्र होना चाहिए। अभ्यर्थी के पास साफ्टवेयर का ज्ञान होना आवश्यक होगा, जिसकी जांच नियुक्ति परीक्षा में की जाएगी।

नियुक्ति के लिए न्यूनतम आयु सीमा 18 वर्ष तथा अधिकतम आयु सीमा वही होगी जो कार्मिक विभाग द्वारा लागू है। बताते चलें कि गृह विभाग ने जेलों के लिए कुल 49 लिपिकों के पद सृजित किए हैं।

इनमें 29 निम्नवर्गीय लिपिक तथा 20 उच्च वर्गीय लिपिक के पद हैं। निम्न वर्गीय लिपिक के पदों पर सीधी नियुक्ति होनी है, जबकि उच्च वर्गीय लिपिक के पद प्रोन्नति से भरे जाने हैं।

जेलों में रिक्त पदों को लेकर हाईकोर्ट नाराज

जेलों में कई श्रेणी के पद रिक्त होने को लेकर हाल ही में हाई कोर्ट ने नाराजगी जाहिर की है। इस मामले में हुई सुनवाई में झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की ओर से बताया गया कि जेल वार्डेन, पैरामेडिकल स्टाफ और सहायक कारापाल के पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति के लिए परीक्षा आयोजित की जा चुकी है। दो सप्ताह के भीतर शार्टलिस्ट किये गये अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी जाएगी।

सहायक कारापाल और जेल वार्डन के पदों के लिए शारीरिक जांच परीक्षा आयोजित की जानी है। बताते चलें कि सहायक कारापाल नियुक्ति के लिए 28 अक्टूबर से शारीरिक जांच परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए तीन बोर्ड का गठन किया गया है।

यह भी पढ़ें- झारखंड में सत्ता में रहकर भी जन आंदोलनों से जुड़ेगी कांग्रेस, विस्थापितों से SIR तक मुद्दों पर बढ़ाएगी सक्रियता