WhatsApp पर हुई दोस्ती, फिर भागलपुर में पकड़े गए; झारखंड हाईकोर्ट ने महिला को भगा ले जाने के आरोपित को दी जमानत
झारखंड हाई कोर्ट ने गोड्डा के महागामा थाना क्षेत्र से जुड़े एक मामले में आरोपित हसन को जमानत दे दी है। आरोपित पर एक व्यक्ति की पत्नी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप था, लेकिन अदालत ने दोनों को बालिग और परिचित मानते हुए जमानत मंजूर की।

झारखंड हाई कोर्ट की फाइल फोटो। (फोटो सोर्स- जागरण आर्काइव)
HighLights
हाई कोर्ट ने आरोपित हसन को जमानत प्रदान की।
आरोपित पर महिला को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप था।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड हाई कोर्ट ने गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र से जुड़े एक मामले में आरोपित हसन को जमानत प्रदान कर दी है। आरोपित पर एक व्यक्ति की पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप है।
अदालत ने आरोपित को 25 हजार रुपये के निजी मुचलके और समान राशि के दो जमानतदारों पर रिहा करने का निर्देश दिया है। अदालत ने जमानत देते हुए कई शर्तें भी लगाई है। इनमें पीड़िता और उसके परिवार को किसी भी तरह परेशान नहीं करने का निर्देश शामिल है।
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष की ओर से अदालत को बताया गया कि आरोपित 15 जून से न्यायिक हिरासत में है। शिकायतकर्ता ने अपनी पत्नी के घर से लापता होने के बाद महागामा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उसने आशंका जताई थी कि आरोपित उसकी पत्नी को अपने साथ ले गया है। इसका आधार आरोपित और उसकी पत्नी के बीच मोबाइल फोन और वाट्सएप के माध्यम से हुई बातचीत को बताया गया था।
बचाव पक्ष ने कहा कि आरोपित और महिला की पहचान एक वाट्सएप ग्रुप के माध्यम से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच दोस्ती हो गई थी। बाद में दोनों को भागलपुर से पकड़ा गया था। अदालत को बताया गया कि मामले में 31 अगस्त को आरोप गठन हो चुका है, लेकिन अब तक किसी गवाह की गवाही नहीं हुई है।
अदालत ने पाया कि आरोपित और पीड़िता एक-दूसरे को काफी समय से जानते हैं और दोनों बालिग हैं। इसके अलावा आरोपित का कोई आपराधिक इतिहास भी नहीं है। इन परिस्थितियों और मामले के तथ्यों को देखते हुए अदालत ने आरोपित को जमानत देने का निर्णय लिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।