विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पहली पत्नी के बेटे को अनुकंपा नौकरी, दूसरी के बच्चों को देने होंगे 3000 रुपये; झारखंड हाई कोर्ट ने सुनाया फैसला

Published: Thu, 12 Nov 2026 10:21 PM (IST)

झारखंड हाई कोर्ट ने एक सरकारी कर्मचारी के निधन पर पहली पत्नी के बेटे को अनुकंपा पर नौकरी देने का निर्देश दिया है।

झारखंड हाई कोर्ट। (फाइल फोटो)

झारखंड हाई कोर्ट। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. हाई कोर्ट ने पहली पत्नी के बेटे को नौकरी का आदेश दिया।

  2. दूसरी पत्नी के बच्चों को हर महीने तीन हजार रुपये मिलेंगे।

  3. वेतन से कटौती का प्रावधान यदि राशि नहीं दी गई।

राज्य ब्यूरो, रांची। हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस एमएस सोनक और जस्टिस मनोज प्रसाद की अदालत ने दो पत्नियों और उनके बच्चों के बीच सरकारी कर्मचारी के सेवा लाभों को लेकर चल रहे विवाद में महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है।

अदालत ने पहली पत्नी अनीता देवी के बेटे आलोक कुमार को अनुकंपा के आधार पर हाई कोर्ट में चपरासी की नौकरी देने का आदेश दिया है।

दूसरी पत्नी बसंती लकड़ा के बेटे अमन आनंद और बेटी अंजलि आनंद को हर महीने तीन-तीन हजार रुपये देने की शर्त भी तय की है।

अदालत ने स्पष्ट किया कि यदि आलोक कुमार यह राशि नहीं देते हैं तो उनके वेतन से रकम काटकर दोनों को भुगतान किया जा सकता है।

इस संबंध में अनीता देवी की ओर से हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की गई थी। अरविंद कुमार त्रिपाठी झारखंड हाई कोर्ट में स्टाफ कार चालक के पद पर कार्यरत थे।

सेवाकाल के दौरान हो गया था निधन

21 जनवरी 2020 को सेवाकाल के दौरान उनका निधन हो गया था। अनीता देवी ने हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर अपने बेटे आलोक कुमार को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने और पति के मृत्यु उपरांत मिलने वाले सेवा लाभों का भुगतान करने की मांग की थी।

मामले में हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल की ओर से दो नवंबर 2026 को शपथ पत्र दाखिल किया गया। इसमें अनुकंपा नियुक्ति समिति की 17 सितंबर 2026 की बैठक की अनुशंसा और कर्मचारी के आश्रितों के बीच सेवा लाभों के बंटवारे का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया।

समिति ने परिवार के सभी संबंधित सदस्यों से बातचीत और दस्तावेजों की जांच के बाद आलोक कुमार को हाई कोर्ट में रिक्त चपरासी के पद पर नियुक्ति के योग्य माना था।

समिति की अनुशंसा के अनुसार आलोक कुमार को शपथपत्र देना होगा कि वह कर्मचारी के सभी पात्र और आश्रित परिवारजनों की देखभाल करेंगे।

दूसरी पत्नी के बेटे अमन आनंद को नियमित नौकरी मिलने तक और बेटी अंजलि आनंद को नियमित नौकरी मिलने या पुनर्विवाह होने तक हर महीने तीन-तीन हजार रुपये देंगे।

अनीता देवी और उनके बेटे आलोक कुमार ने अदालत में इस शर्त को स्वीकार किया। अदालत ने कहा कि यदि आलोक कुमार दोनों को निर्धारित राशि देने में विफल रहते हैं तो उनके वेतन से रकम काटकर संबंधित बच्चों को भुगतान करने की व्यवस्था की जा सकती है।

यह भी पढ़ें- झारखंड हाई कोर्ट ने रद की रजिस्ट्रेशन एक्ट की धारा 22ए, सरकार के मनमाने अधिकार पर रोक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।