रांची हाई कोर्ट में सैप जवानों की नौकरी पर सुनवाई; याचिकाकर्ता ने कहा- जब योजना बढ़ी, तो सेवा अवधि क्यों नहीं?
झारखंड हाई कोर्ट ने स्पेशल आक्सिलरी पुलिस (सैप) जवानों की सेवा अवधि विस्तार मामले में फैसला सुरक्षित रख लिया है।

झारखंड हाई कोर्ट। फाइल फोटो
HighLights
हाई कोर्ट ने सैप जवानों की सेवा अवधि पर फैसला सुरक्षित रखा।
याचिकाकर्ताओं ने योजना बढ़ने पर सेवा विस्तार की मांग की।
सरकार ने संविदा शर्तों और अधिकतम सेवा अवधि का हवाला दिया।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड हाई कोर्ट के जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने स्पेशल आक्सिलरी पुलिस (सैप) के जवानों की अधिकतम सेवा अवधि और उम्र सीमा में छूट से जुड़े मामले में सुनवाई पूरी करने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया है।
इस संबंध में शिवकुमार साव, परमानंद कुमार और सावना भगत सहित सैकड़ों सैप जवानों ने याचिका दाखिल की है। दोनों पक्षों की ओर से अदालत में विस्तृत दलीलें पेश की गईं।
याचिकाकर्ताओं ने सात वर्ष की अधिकतम सेवा अवधि पूरी कर चुके जवानों को सेवा से हटाने के बजाय आगे भी काम करने का अवसर देने का आग्रह किया है।
राज्य में विधि-व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए पूर्व सैनिकों की संविदा के आधार पर सैप में नियुक्ति की गई थी।
नियुक्ति के नियमों के अनुसार, जवानों की प्रारंभिक सेवा अवधि दो वर्ष निर्धारित की गई थी। इसे अधिकतम पांच वर्ष तक बढ़ाया जा सकता था।
इस तरह सैप जवानों की कुल अधिकतम सेवा अवधि सात वर्ष तय की गई थी। सात वर्ष की अवधि पूरी कर चुके जवान अब सेवा में बने रहने का अवसर मांग रहे हैं।
योजना मई 2027 तक बढ़ी तो जवानों की सेवा अवधि क्यों नहीं
याचिकाकर्ताओं की ओर से वरीय अधिवक्ता अजीत कुमार ने अदालत में दलील दी कि राज्य सरकार ने सैप योजना की अवधि बढ़ाकर मई 2027 तक कर दी है। ऐसे में पहले से कार्यरत जवानों की सेवा अवधि और उम्र सीमा में भी उसी अनुरूप विस्तार किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उम्र सीमा को लेकर स्पष्ट और उचित व्यवस्था होनी चाहिए। केवल सात वर्ष की सेवा पूरी होने के आधार पर जवानों को सेवा से बाहर करना न्यायसंगत नहीं है।
राज्य सरकार की ओर से महाधिवक्ता रोहितश्य राय ने याचिकाओं का विरोध किया। सरकार की ओर से दलील दी गई कि सैप में नियुक्तियां पूरी तरह संविदा की शर्तों के आधार पर की गई थीं।
नियुक्ति के समय ही जवानों को अधिकतम सात वर्ष की सेवा अवधि की जानकारी दे दी गई थी। जवानों ने इन शर्तों को स्वीकार कर सेवा की और वेतन भी प्राप्त किया। ऐसे में अब सेवा अवधि से जुड़ी शर्तों को चुनौती देना उचित नहीं है।
सरकार ने यह भी कहा कि जिस आवश्यकता को देखते हुए सैप जवानों की नियुक्ति की गई थी, वह अब काफी हद तक समाप्त हो चुकी है। जरूरत पड़ने पर नए जवानों की नियुक्ति करने का अधिकार राज्य सरकार के पास है।
योजना की अवधि बढ़ाए जाने से पहले से नियुक्त जवानों की सेवा अवधि स्वतः नहीं बढ़ जाती। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया।
यह भी पढ़ें- चारा घोटाला केस: HC में लालू यादव की दलील- कभी नहीं रोकी विजिलेंस जांच, ₹50 लाख के लेन-देन का सबूत नहीं
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।