विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड बनेगा फिल्म निर्माण का नया हब! युवा फिल्मकारों से मिले सीएम हेमंत सोरेन

Published: Thu, 23 Jul 2026 04:51 AM (IST)

झारखंड के पुरस्कार विजेता फिल्मकारों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की, जहां मुख्यमंत्री ने फिल्म क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।

समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को मोमेंटो प्रदान करते सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट के कुलपति। (जागरण)

समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को मोमेंटो प्रदान करते सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट के कुलपति। (जागरण)

HighLights

  1. पुरस्कार विजेता फिल्मकारों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की।

  2. मुख्यमंत्री ने झारखंड में फिल्म विकास के लिए सहयोग का आश्वासन दिया।

  3. स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर देने पर सकारात्मक पहल होगी।

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड के युवा पुरस्कार विजेता फिल्मकार बीजू टोप्पो, सेराल मुर्मू, निरंजन कुजूर, रवि राज मुर्मू, अनुज कुमार और मानसिंह बास्के ने बुधवार को झारखंड मंत्रालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार भेंट की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने फिल्म क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह झारखंड के लिए गौरव की बात है कि राज्य के कलाकार, निर्देशक और फिल्मकार राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि झारखंड से फिल्म निर्माण के क्षेत्र में लगातार उल्लेखनीय उपलब्धियां सामने आ रही हैं, जो राज्य की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत कर रही हैं।

मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि आने वाले दिनों में झारखंड राज्य को फिल्म विकास (फिल्म डवलपमेंट) के क्षेत्र में और आगे ले जाने के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।

प्रतिभाओं को मिलेगा अवसर

उन्होंने कहा कि फिल्म निर्माण, शूटिंग, तकनीकी प्रशिक्षण तथा स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करने की दिशा में सकारात्मक पहल की जाएगी।

इस अवसर पर उपस्थित फिल्मकारों ने अपनी फिल्मों, निर्देशकीय उपलब्धियों और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों के बारे में बताया। इन सभी ने झारखंड की जनजातीय, सामाजिक और सांस्कृतिक विषयवस्तु पर आधारित फिल्मों के जरिए व्यापक पहचान बनाई है।

मौके पर फिल्मकारों ने मुख्यमंत्री को राज्य में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने, स्थानीय कलाकारों को मंच उपलब्ध कराने तथा झारखंड को एक उभरते फिल्म-गंतव्य के रूप में विकसित करने के संबंध में अपने सुझाव भी साझा किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की कला, संस्कृति और जनजातीय विरासत अत्यंत समृद्ध है, और फिल्म माध्यम के जरिए इसे देश-दुनिया तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- 'देश चिंताजनक दौर से गुजर रहा, आने वाले दिनों में होगा और संघर्ष', कैबिनेट बैठक के बाद बोले CM हेमंत सोरेन