विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमीन ले ली, नौकरी नहीं दी; झारखंड में किसानों ने रेलवे के खिलाफ खोला मोर्चा, 1 दिसंबर से बंद का एलान

Published: Mon, 23 Nov 2026 07:00 AM (GMT+05:30)

मैक्लुस्कीगंज में रेल परियोजना के लिए जमीन देने वाले रैयत परिवार 36 वर्षों से नौकरी और अधिकारों का इंतजार कर रहे हैं। 

परियोजना से प्रभावित किसान। जागरण

परियोजना से प्रभावित किसान। जागरण

HighLights

  1. 36 साल से नौकरी की आस में रेल परियोजना प्रभावित परिवार।

  2. सरना रैयत प्रभावित मोर्चा ने 1 दिसंबर से अनिश्चितकालीन बंदी का ऐलान।

  3. ग्रामीणों ने नौकरी और लंबित मांगों पर ठोस निर्णय की मांग की।

संवाद सहयोगी, मैक्लुस्कीगंज। रेल परियोजना के लिए अपनी जमीन देने वाले रैयत एवं विस्थापित परिवार पिछले 36 वर्षों से नौकरी और उचित अधिकार की आस लगाए बैठे हैं। वर्षों बीत जाने के बावजूद उनकी मांगों का समाधान नहीं होने से अब ग्रामीणों का धैर्य जवाब देने लगा है।

इसी मुद्दे को लेकर सरना रैयत प्रभावित मोर्चा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने आंदोलन को निर्णायक मोड़ देने का फैसला लिया है। आगामी 1 दिसंबर 2026 से अनिश्चितकालीन बंदी करने का ऐलान किया गया है।

रविवार को सरना रैयत प्रभावित मोर्चा की ओर से रैयत ग्रामीणों की बैठक गंझू टोला में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मोर्चा के कृष्णा भोक्ता ने की।

इसमें 1 दिसंबर से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन बंदी को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में रैयत ग्रामीण शामिल हुए और आंदोलन में एकजुट होकर भाग लेने का संकल्प लिया।

रेल परियोजना में ली गई थी जमीन

गौरतलब है कि रेल परियोजना के लिए वर्ष 1990 में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया के तहत सेक्शन-9 की कार्रवाई की गई थी। इसके बाद सीसीएल ने रैयतों की जमीन ली, लेकिन प्रभावित परिवारों को नौकरी देने का मामला आज तक पूरी तरह नहीं सुलझ पाया है।

करीब 36 वर्षों से कई परिवार नौकरी की उम्मीद में विभागीय कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं। स्थिति यह है कि जिन परिवारों की खतियानी जमीन अधिग्रहित हुई, उनमें कुछ लोगों को नौकरी मिली, लेकिन गैरमजरुआ जमीन से जुड़े मामलों में अब भी कई रैयतों का दावा लंबित है।

इस मामले को लेकर पूर्व में भी रैयतों ने आंदोलन किया था। उस दौरान प्रबंधन की ओर से 30 जून तक समाधान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन वर्षों पुराने इस विवाद का ठोस समाधान नहीं निकलने से ग्रामीणों में असंतोष बना हुआ है।

बैठक में ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। जब तक प्रभावित रैयतों की नौकरी और अन्य लंबित मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।

1 दिसंबर से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन बंदी को सफल बनाने के लिए गांव-गांव में जनसंपर्क और ग्रामीणों को एकजुट करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में शंकर गंझू, सचिन भगत, संतोष मुंडा, कारी देवी, रमेश साव, विनय टोप्पो, हेमंत गंझू सहित अन्य रैयत ग्रामीण उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- झारखंड के झरिया में शहीदों का अपमान, 2001 की त्रासदी में जान गंवाने वाले मजदूरों के स्मारक पर चला बुलडोजर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।