झारखंड स्थापना दिवस पर तोहफा, करीब 2000 परिवारों को मिली पक्के घर की चाबी; 5600 से अधिक मजदूरों को रोजगार
झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह के तहत विभिन्न जिलों में विकास और जनकल्याण की गतिविधियां चल रही हैं।
-1794936466209_m.webp)
भगवान बिरसा मुंडा को पुष्प अर्पित करते मुख्यमंत्री सोरेन। फोटो सोशल मीडिया
HighLights
लोहरदगा में 1,667 आवासों में गृह प्रवेश का लक्ष्य निर्धारित।
गढ़वा में सड़क योजनाओं का शिलान्यास, स्वच्छता अभियान चला।
सिमडेगा में 5,606 मजदूरों को रोजगार, ग्रामसभा में आवेदन।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह ‘विरासत, प्रगति और आकांक्षाओं का उत्सव-2026’ के तहत राज्य के विभिन्न जिलों में विकास, जनकल्याण एवं जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
लोहरदगा जिले में गृह प्रवेश सप्ताह के तहत कुल 1,667 आवासों में गृह प्रवेश का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 1005, अबुआ आवास के 660, पीएम-जनमन के 10 तथा बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के दो आवास शामिल हैं।
गढ़वा के नगर उंटारी एवं रमना प्रखंड में अबुआ आवास योजना के आठ लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया। इस दौरान फलदार पौधारोपण, स्वच्छता एवं नशामुक्ति अभियान चलाया गया। साथ ही वीबी-जी राम जी योजना के तहत दो सड़क निर्माण योजनाओं का शिलान्यास हुआ।
वहीं, जामताड़ा के विद्यालयों में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने राज्य की सांस्कृतिक विरासत, पर्यावरण संरक्षण और विकास में सहभागिता की शपथ ली। विभिन्न पंचायतों में ‘स्वच्छ ग्राम’ अभियान के तहत छठ घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई।
सिमडेगा जिले में विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत 5,606 मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराया गया तथा 7,179 मानव दिवस का सृजन हुआ।
जिले की सभी 94 पंचायतों में ग्रामसभा आयोजित कर विकास योजनाओं की स्वीकृति के लिए 2,068 आवेदन प्राप्त किए गए।
ग्रामीण आवास योजनाओं के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के 74, अबुआ आवास के 241, पीएम-जनमन के दो और बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर आवास योजना के तीन लाभुकों सहित कुल 320 परिवारों को नवनिर्मित पक्के आवासों में गृह प्रवेश कराया गया।