मिशन 2029: झारखंड कांग्रेस में जल्द होगा बड़ा फेरबदल, नई दिल्ली से निर्देश लेकर लौटे प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने 'मिशन 2029' के लिए मंथन शुरू किया है, जिसमें केंद्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और अन्य ...और पढ़ें

केंद्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मिल प्रदेश अध्यक्ष केशव ने आगामी कार्ययोजना की रिपोर्ट सौंपी।
HighLights
कांग्रेस ने 'मिशन 2029' की रणनीति पर केंद्रीय बैठक की।
झारखंड कांग्रेस ने संगठनात्मक प्रगति और कार्ययोजना की रिपोर्ट दी।
बूथ से पंचायत स्तर तक संगठन मजबूत करने पर चर्चा हुई।
राज्य ब्यूरो, रांची। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की बैठक में मिशन 2029 का शुभारंभ कर दिया गया है। पाटी ने इसको लेकर मंथन शुरू किया जिसमें सभी प्रदेशों के प्रदेश अध्यक्ष के अलावा केंद्रीय नेताओं की मौजूदगी रही। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के अलावा पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल और अग्रणी मोर्चा के सभी अध्यक्ष मौजूद थे।
बैठक में वोट बचाओ देश बचाओ, संगठन की मजबूती, आगामी चुनावी रणनीति तथा मिशन 2029 को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बाद में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की संगठनात्मक गतिविधियों, अब तक की प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।
मुलाकात के दौरान मिशन 2029 के तहत झारखंड में कांग्रेस संगठन को बूथ से लेकर पंचायत स्तर तक और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। प्रदेश संगठन द्वारा पंचायत स्तर तक संगठन के विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी तथा जनसरोकार के मुद्दों को लेकर किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी दी गई।
बैठक में एसआइआर प्रक्रिया को लेकर झारखंड में कांग्रेस पार्टी द्वारा किए जा रहे कार्यों पर भी विशेष रूप से चर्चा हुई। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के द्वारा बीएलए-2 के गठन एवं उसे सक्रिय करने की दिशा में किए गए प्रयासों तथा मतदाता सूची से जुड़े मामलों पर लगातार रखी जा रही निगरानी की जानकारी दी गई।
कई जिलों में कमेटी में बदलाव संभव
केंद्र के निर्देशों के अनुरूप मुख्यालय से लेकर जिला तक में कांग्रेस कमेटी में बदलाव तय है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मंगलवार को नई दिल्ली से केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशों के साथ वापस लौटेंगे। माना जाना है कि कई जिलों में कमेटी बदलाव को लेकर निर्देश मिल सकता है।
प्रदेश कांग्रेस के सभी जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों एवं प्रदेश पदाधिकारियों को इस विषय पर लगातार सक्रिय रहते हुए पूरी गंभीरता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। बताया गया कि प्रदेश कांग्रेस के द्वारा एसआईआर से संबंधित गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रत्येक जिले में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को इस विषय पर विशेष रूप से फोकस करने के लिए कहा गया है, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से वंचित ना हो।
यह भी पढ़ें- 2029 में झारखंड में भाजपा की सरकार बनेगी, गजेंद्र पटेल का दावा- बंगाल और दिल्ली की तरह जीतेंगे
