मंत्रियों को हटाया जाए, सरकार का बाहर से करें समर्थन; झारखंड कांग्रेस की गुप्त बैठक में जिलाध्यक्षों की मांग
झारखंड में कांग्रेस के जिला अध्यक्षों ने पार्टी कोटे के मंत्रियों के खिलाफ बगावत की है। उन्होंने मंत्रियों को हटाने और सरकार को बाहर से समर्थन देने की मांग की, आरोप लगाया कि मंत्री कार्यकर्ताओं को तरजीह नहीं देते।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
जिला अध्यक्षों ने कांग्रेस मंत्रियों को हटाने की मांग की।
मंत्रियों पर कार्यकर्ताओं को तरजीह न देने का आरोप।
पलामू, कोडरमा जिलाध्यक्षों ने मंत्रियों के व्यवहार पर दुख जताया।
आशीष झा, रांची। झारखंड में एक बार फिर कई जिलों के कांग्रेस अध्यक्ष बागी होते दिख रहे हैं। इस क्रम में जिलाध्यक्षों ने कांग्रेस कोटे के चारों मंत्रियों को हटाकर नए चेहरों को मौका देने का आग्रह किया। कारण फिर वही पुरानी बात है। मंत्रियों के स्तर से कार्यकर्ताओं को तरजीह नहीं देना। खासकर जिलाध्यक्षों को।
यही कारण है कि राज्य के आधे से अधिक जिलाध्यक्षों ने एक सुर में प्रभारी, सह प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में चारों मंत्रियों की शिकायत की।
जिलाध्यक्षों के साथ गोपनीय बैठक में प्रभारी का मकसद सभी जिलों के अध्यक्षों के मन की बात को टटोलना था और इस क्रम में मन की बात के साथ नेताओं ने भड़ास भी जमकर निकाली।
बागी नेताओं को जुटाकर कार्यक्रम का पूरा आयोजन बागी गुट ने ही किया था। इसकी कानोकान जानकारी किसी मंत्री को नहीं लगी। कांके रोड स्थित होटल मेरिएट में जिलाध्यक्षों ने ही इस पूरे आयोजन का दारोमदार उठाया था।
यहां जिला अध्यक्षों ने शिकायत की कि कांग्रेस के मंत्री आते हैं तो उन्हें कोई तरजीह नहीं देते। और तो और झामुमो के मंत्री जहां अपने कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाते हैं।
वहीं, कांग्रेस के मंत्री अपने ही कार्यकर्ताओं को हीन भावना से देखते हैं। इसका नतीजा यह है कि जिलास्तर के अधिकारी भी कांग्रेस नेताओं को तरजीह नहीं देते हैं। बीडीओ-सीओ भी भाव नहीं देते हैं।
पलामू और कोडरमा के जिलाध्यक्ष रोने लगे
पलामू कांग्रेस की जिलाध्यक्ष विमला देवी बैठक के दौरान अपना दुखड़ा सुनाते हुए रोने लगीं। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री के द्वारा सरेआम उन्हें जलील किया जाता है। उनका एवं उनके समर्थकों का काम भी नहीं हो रहा है। ऐसे में कार्यकर्ताओं को बचाकर रखना मुश्किल हो रहा है।
विमला देवी का कहना था कि जब मंत्री ही जिलाध्यक्षों की अनदेखी करेंगे तो जिले में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का सहारा कौन होगा। इसी प्रकार कोडरमा के जिलाध्यक्ष का भी दुखड़ा सभी ने सुना।
जिलाध्यक्ष प्रकाश रजक की आंखों में भी आंसू दिख रहे थे। हालांकि जागरण से बातचीत में उन्होंने किसी प्रकार की तकलीफ से इन्कार कर दिया।
आवश्यक ही हो तो सरकार को बाहर से समर्थन दें
कई जिला अध्यक्षों ने कांग्रेस प्रभारी को पार्टी कोटे के चारों मंत्रियों से मुक्ति पाने की सलाह देते हुए कहा कि अगर बहुत आवश्यक हो तो सरकार को बाहर से समर्थन दिया जाए। कांग्रेस के कई जिला अध्यक्ष इस तरह की बातें पहले भी कर चुके हैं।