विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजस्थान के नतीजों ने बढ़ाया झारखंड कांग्रेस का भरोसा, पंचायत चुनाव में आजमाएगी नया सियासी फॉर्मूला

Published: Sun, 22 Nov 2026 09:15 AM (IST)

राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस की सफलता से उत्साहित झारखंड कांग्रेस, आगामी पंचायत चुनावों में एकजुटता और राजस्थान फॉर्मूले को अपनाने की तैयारी में है। पार्टी नेताओं का मानना है कि आपसी मनमुटाव भुलाकर काम करने से भाजपा को मात दी जा सकती है।

झारखंड कांग्रेस राजस्थान पंचायत चुनाव की सफलता से उत्साहित। (फोटो सोर्स- जागरण आर्काइव)

झारखंड कांग्रेस राजस्थान पंचायत चुनाव की सफलता से उत्साहित। (फोटो सोर्स- जागरण आर्काइव)

HighLights

  1. झारखंड कांग्रेस राजस्थान पंचायत चुनाव की सफलता से उत्साहित है।

  2. पार्टी राज्य के आगामी पंचायत चुनावों में राजस्थान फॉर्मूला अपनाएगी।

राज्य ब्यूरो, रांची। राजस्थान के पंचायत चुनाव में कांग्रेस को मिली अपार सफलता से झारखंड में भी कांग्रेस नेता गदगद हैं। झारखंड में भी कांग्रेस राजस्थान का फॉर्मूला अपनाकर परिवर्तन लाने का संकल्प ले रही है। इस मुद्दे पर कांग्रेस के तमाम गुट एकजुट हो गए हैं।

झारखंड में शीघ्र ही पंचायती राज अधिनियम के तहत चुनाव होनेवाले हैं और इसको लेकर पार्टी में राजस्थान फॉर्मूले पर काम करने की योजना बन रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने इस मामले में पूछे जाने पर कहा कि पूरा देश भाजपा का विकल्प तलाश रहा है। झारखंड में भी भाजपा को मात मिलेगी। राजस्थान में पार्टी नेताओं ने आपसी मतभेद को दरकिनार कर पार्टी उम्मीदवारों के लिए काम किया जिसका नतीजा सभी के सामने है।

झारखंड के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने इस मामले में कहा कि झारखंड में ऐसे भी कोई गुटबाजी नहीं है। तमाम सीनियर नेता पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में एकजुट होते रहे हैं और पिछले विधानसभा चुनाव में इसी कारण से पार्टी को अच्छी-खासी बढ़त भी मिली थी।

कुछ सीटें मामूली अंतर से पार्टी के उम्मीदवार हार गए थे जिसकी भरपाई इस चुनाव में हो जाएगी। जहां तक पंचायत चुनाव की बात है, उम्मीदवारों के चयन को लेकर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी ने फॉर्मूला तय कर दिया है। इस पर सभी सहमत हैं। पार्टी के उम्मीदवार निश्चित तौर पर बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

राजस्थान ने दिखा दिया डबल इंजन का दोनों इंजन फेल : शाहदेव

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने राजस्थान के पंचायत एवं जिला परिषद चुनावों में कांग्रेस पार्टी के प्रदर्शन पर कहा कि वहां डबल इंजन सरकार का दोनों इंजन फेल हो चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्य में प्रतिकूल राजनीतिक परिस्थितियों के बावजूद कांग्रेस का यह प्रदर्शन पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और आम जनता के विश्वास को दर्शाता है।

राजस्थान के 37 जिलों में से 30 जिलों में कांग्रेस का सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरना और जिला परिषद की अधिकांश सीटों पर जीत दर्ज करना यह स्पष्ट करता है कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की जनता कांग्रेस की नीतियों के साथ खड़ी है। विशेष रूप से भरतपुर और झालावाड़ जैसे क्षेत्रों में पार्टी को मिली बढ़त को महत्वपूर्ण है। 

यह भी पढ़ें- पार्टी के लिए काम से अधिक नाकामी बटोर रही थी अंबा प्रसाद, कांग्रेस सचिव पद से हटी; बाबी और भीम को मिला मौका

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।