ओलंपियन सलीमा और निक्की को मिली 3750 स्क्वायर फीट जमीन, घर बनाने के लिए हेमंत सरकार देगी 35,00,000 रुपये
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ओलंपियन हॉकी खिलाड़ियों सलीमा और निक्की प्रधान को रांची के हरमू में 3750 वर्ग फीट का प्लॉट आवंटित किया है। इसके साथ ही सरकार ने उन्हें घर बनाने के लिए 35-35 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान करने की घोषणा की है। इस पहल से राज्य के अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी और वे अपने हुनर को निखारने के लिए प्रोत्साहित होंगे।

राज्य ब्यूरो, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड मंत्रालय स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बुधवार को हॉकी में राज्य एवं देश का नाम रोशन करने वाली ओलंपियन खिलाड़ी सलीमा टेटे और निक्की प्रधान को रांची के हरमू स्थित आवासीय कॉलोनी में 3750 वर्ग फीट भूखंड आवंटन के कागजात सौंपे। यह प्लॉट हरमू से कडरू जानेवाले मुख्य मार्ग पर स्थित मंदिर के निकट है।
सरकार ने आधिकारिक तौर पर बेहतरीन महिला हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे एवं निक्की प्रधान की खेल उपलब्धियों को मान्यता देते हुए राजधानी रांची में उनके खुद के घर का सपना पूरा कर दिया है।
इन दोनों स्टार हाकी खिलाड़ियों को हरमू आवासीय कॉलोनी के प्लॉट नंबर - 10 (बी) तथा 10 (ए) आवंटित किया गया है जो 3750-3750 वर्ग फीट भूखंड क्षेत्रफल में फैला हुआ है।
देश और दुनिया में हमारी बेटियों ने अपने प्रदर्शन का लोहा मनवाया
मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि राज्य की दो होनहार बेटियों का सम्मानित किया जा रहा है। हमारी बेटियों ने अपने हुनर और काबिलियत से सिर्फ राज्य का ही नहीं, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। पिछले कई दशकों से झारखंड की बेटियों ने अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर देश और दुनिया में अलग पहचान बनाई है।
अपने प्रदर्शन की बदौलत कई बार हमारी बेटियों ने लोगों को आश्चर्यचकित किया है कि झारखंड जैसे पिछड़े और आदिवासी बहुत क्षेत्र जहां सीमित संसाधनों में तैयारी कर इतनी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। हमारी सरकार ने खेल पर फोकस करते हुए नए रास्ते तलाशने का काम किया है।
हमारी सरकार ने रांची में हॉकी के अंतरराष्ट्रीय मैच के साथ-साथ कई बड़ी-बड़ी खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन सफलतापूर्वक कर दिखाया है। ऐसे खेल आयोजनों से यहां के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का बेहतर मौका मिल रहा है।
राज्य सरकार ने वादा पूरा किया
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सलीमा टेटे एवं निक्की प्रधान को रांची में भूखंड देने का निर्णय हमारी सरकार का ही था। आज ये वादा हम पूरा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने भूखंड देने के साथ-साथ यह भी घोषणा किया कि इन दोनों खिलाड़ियों को अपना आशियाना बनाने के लिए राज्य सरकार खेल नीति के तहत 35-35 लाख रुपये उपलब्ध कराएगी। आज मिल रहा सम्मान राज्य के अन्य बेटियों एवं युवा वर्ग के लिए आशा और अवसर का प्रतीक बनेगा, इनसे प्रेरित होकर राज्य के अन्य खिलाड़ी अपने हुनर और प्रदर्शन को बेहतर करने का काम करेंगे।
राज्य की पहचान बेहतरीन खिलाड़ियों से भी
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बात सही है कि पिछले कुछ वर्षों में राज्य विभिन्न चुनौतियों से गुजरा, लेकिन अब इस राज्य को हमारी सरकार एक बेहतर दिशा की ओर आगे बढ़ा रही है। पहले झारखंड सिर्फ खनिज संपदाओं के लिए ही पहचाना जाता था, लेकिन एक बेहतर मानव संसाधन एवं स्टार खिलाड़ियों के रूप में भी झारखंड की पहचान हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम में अभी राज्य की स्टार हॉकी प्लेयर सलीमा टेटे एवं निक्की प्रधान के संघर्षों से सफलता की कहानी ऑडियो-विजुअल के माध्यम से दिखाई गई जिसमें हमारी भी कुछ तस्वीरें हैं, हमारी यह तस्वीरें उस समय की है जब हम सरकार में नही थे। इन बेटियों से हमारी मुलाकात तब हुई थी जब ये भी अपने मंजिल को हासिल करने के लिए मेहनत और संघर्ष कर रही थीं।
सलीमा टेटे एवं निक्की प्रधान ने मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
सलीमा टेटे एवं निक्की प्रधान ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। सलीमा टेटे ने कहा कोई भी काम दिल से करने पर मंजिल एक दिन जरूर मिलती है। मुख्यमंत्री भी मैच देखने के लिए पधारे थे और काफी खुश थे। निक्की प्रधान ने कहा कि वर्ष 2021 में मेरा पहला ओलिंंपिक पार्टिसिपेशन के बाद जब हम रांची पहुंचे थे, तब मुख्यमंत्री ने इसी सभागार में जमीन देने का वादा किया था। आज उन्होंने अपना वादा पूरा किया।
इस अवसर पर पर्यटन, कला संस्कृति खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार, विधायक राजेश कच्छप, विधायक भूषण बाड़ा, मुख्य सचिव अलका तिवारी, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, पर्यटन, कला संस्कृति खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मनोज कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।