विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड में क्लर्क बनने के लिए फोर्थ क्लास कर्मियों को कंप्यूटर की नॉलेज जरूरी, नई परीक्षा नियमावली जारी

Published: Sat, 21 Mar 2026 05:25 AM (IST)

झारखंड सरकार ने चतुर्थवर्गीय कर्मियों के लिए कनीय सचिवालय सहायक और निम्न वर्गीय लिपिक पदों पर नियुक्ति हेतु सीमित प्रतियोगिता ...और पढ़ें

एआई द्वारा जेनरेट की गई ग्राफिक।

एआई द्वारा जेनरेट की गई ग्राफिक।

HighLights

  1. चतुर्थवर्गीय कर्मियों के लिए सीमित प्रतियोगिता परीक्षा नियमावली बनी।

  2. कनीय सचिवालय सहायक व निम्न वर्गीय लिपिक पद भरे जाएंगे।

  3. परीक्षा ऑनलाइन होगी, कंप्यूटर ज्ञान व 10 वर्ष सेवा अनिवार्य।

नीरज अम्बष्ठ, रांची। राज्य सरकार ने सचिवालय एवं इसके संलग्न कार्यालयों तथा क्षेत्रीय कार्यालयों एवं समाहरणालयों में चतुर्थवर्गीय कर्मियों की कनीय सचिवालय सहायक एवं निम्न वर्गीय लिपिक पद पर नियुक्ति के लिए आयोजित होने वाली सीमित प्रतियोगिता परीक्षा की नियमावली गठित कर दी है।

इसके तहत सीमित परीक्षा के माध्यम से उक्त पदों पर चतुर्थवर्गीय कर्मियों की नियुक्ति अपने कार्यालय में ही होगी। यह सीमित परीक्षा ऑनलाइन अर्थात कंप्यूटर आधारित होगी। इसलिए उन्हें कंप्यूटर का बेसिक ज्ञान रखना होगा। परीक्षा में कंप्यूटर की बेसिक जानकारी, एमएस ऑफिस तथा इंटरनेट से भी 20 प्रश्नन पूछे जाएंगे।

सीमित परीक्षा से कनीय सचिवालय सहायक नियुक्त होने के लिए चतुर्थवर्गीय कर्मियों को स्नातक उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा। वहीं, क्षेत्रीय कार्यालयों एवं समाहरणालयों में लिपिक पद पर नियुक्ति के लिए चतुर्थवर्गीय कर्मियों को न्यूनतम इंटरमीडिएट उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा।

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित होने वाली सीमित परीक्षा दो चरणों में आयोजित होगी। पहले चरण में लिखित परीक्षा होगी, जिसमें वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें क्वालिफाई होने के लिए दूसरे चरण में हिंदी टंकण परीक्षा से गुजरना होगा।

100 अंकों की लिखित परीक्षा में कंप्यूटर के अलावा सामान्य अध्ययन, सामान्य विज्ञान, गणित, झारखंड तथा कार्यालय के संचालन की जानकारी से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्नों की कठिनता का स्तर मैट्रिक होगा।

प्रत्येक सही उत्तर के लिए तीन अंक दिए जाएंगे, जबकि प्रत्येक गलत उत्तर पर एक अंक की कटौती की जाएगी। यह परीक्षा ढाई घंटे की होगी। कैबिनेट की स्वीकृति के बाद कार्मिक विभाग ने नियमावली अधिसूचित कर दी है।

15 प्रतिशत पद भरे जाएंगे सीमित परीक्षा से

सचिवालय एवं इसके संलग्न कार्यालयों, क्षेत्रीय कार्यालयों एवं समाहरणालयों में कनीय सचिवालय सहायक तथा निम्न वर्गीय लिपिक के कुल रिक्त पदों के 15 प्रतिशत पद सीमित प्रतियोगिता परीक्षा से भरे जाएंगे।

रिक्तियों की गणना पहली जनवरी से की जाएगी। इस परीक्षा में वैसे चतुर्थवर्गीय कर्मी ही सम्मिलित हो सकेंगे, जिन्होंने न्यूनतम 10 वर्ष की सेवा पूरी कर ली हो।

किस विषय से पूछे जाएंगे कितने प्रश्न

  •  सामान्य अध्ययन, सामान्य विज्ञान, सामान्य गणित, समसामयिक घटना : 25
  •  झारखंड राज्य से संबंधित : 15
  •  अशुद्ध वाक्यों को शुद्ध करना, शब्द ज्ञान, वाक्य रचना, व्याकरण : 20
  •  कार्यालय के संचालन संबंधी जानकारी : 20
  •  कंप्यूटर का मूलभूत ज्ञान, एमएस आफिस, इंटरनेट : 20

यह भी पढ़ें- झारखंड होमगार्ड को मिलेगा 70 करोड़ का बूस्ट, हजारीबाग में बनेगा 450 बेड का महिला बैरक और परेड ग्राउंड