हावड़ा-भोपाल एक्सप्रेस में मिली 1 करोड़ की ड्रग्स ने खोले बड़े राज, अब पंजाब कनेक्शन खंगालने में जुटी झारखंड ATS
झारखंड एटीएस हावड़ा-भोपाल एक्सप्रेस से बरामद ड्रग्स मामले में पंजाब कनेक्शन की तलाश कर रही है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
एटीएस हावड़ा-भोपाल एक्सप्रेस ड्रग्स मामले में जांच कर रही।
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में पंजाब कनेक्शन का खुलासा किया।
एटीएस संगठित अपराध के बिंदु पर छानबीन तेज कर रही।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड पुलिस की आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने ड्रग्स के धंधे में लिप्त आरोपितों की तलाश तेज कर दी है।
एटीएस इस मामले में ड्रग्स का पंजाब कनेक्शन खंगाल रही है। इसके लिए एटीएस ने सभी जिलों के एसएसपी-एसपी से पत्राचार कर पंजाब व इसके आसपास के राज्यों के तस्करों की जानकारी जुटा रही है।
यह पता लगाया जा रहा है कि कहीं किसी थाने में वहां के आरोपितों पर प्राथमिकी दर्ज है या नहीं और अगर है तो वे कौन हैं और कहां के रहने वाले हैं। जानकारी के आधार पर एटीएस आगे की कार्रवाई करेगी। झारखंड एटीएस मादक पदार्थ अधिनियम में संगठित अपराध के बिंदु पर छानबीन कर रही है।
पूरा मामला हावड़ा-भोपाल एक्सप्रेस से ड्रग्स की बरामदगी से जुड़ा है। झारखंड एटीएस ने 25 मई 2023 को जीआरपी बरकाकाना के सहयोग से बरकाकाना रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 13026 हावड़ा-भोपाल एक्सप्रेस में छापेमारी कर तीन संदिग्धों की गिरफ्तारी की थी।
बरकाकाना रेल थाने में दर्ज किया गया था FIR
इस मामले में बरकाकाना रेल थाने में कांड संख्या 04/23 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। गिरफ्तार आरोपितों में बिहार के बक्सर निवासी लालू बाबू चौबे, पश्चिम बंगाल के नार्थ 24 परगना जिले के हरदा गांव निवासी रंजीत चौधरी की पत्नी मीरा चौधरी व पश्चिम बंगाल के ही नार्थ 24 परगना जिले के हरदा निवासी पार्वती देवी शामिल थीं।
एटीएस ने उनके पास से 750 ग्राम एमफेटामिन पाउडर (कोकिन का वैकल्पिक पदार्थ), 45 ग्राम ब्राउन शुगर, 350 ग्राम हेरोइन मिक्स क्रिस्टल, चार मोबाइल, 10 हजार 330 रुपये नकद व ट्रेन की टिकट बरामद की थी। बरामद ड्रग्स की कीमत एक करोड़ रुपये बताया गया था।
आरोपितों ने ही पूछताछ में पंजाब व आसपास के राज्यों में ड्रग्स की तस्करी की बात स्वीकारी थी। इसके बाद से ही एटीएस अपने स्तर से पूरे मामले की जांच कर रही है और संगठित अपराध के बिंदु पर इसकी छानबीन कर रही है।
तस्करों ने बताया था कि उन्हें मध्य प्रदेश से मादक पदार्थ मिलते थे, जिसे वे झारखंड, बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश आदि राज्यों में आपूर्ति करते थे। मध्य प्रदेश लिंक की छानबीन में ही आरोपितों का पंजाब व उसके आसपास के राज्यों में ठिकाना मिला है। छानबीन जारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।