रांची के जगन्नाथपुर रथ मेला में 360 डिग्री झूला होगा खास आकर्षण, सुरक्षा व भीड़ प्रबंधन को लेकर प्रशासन अलर्ट
रांची का ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ मेला 16 जुलाई से शुरू होगा, जिसमें 360 डिग्री झूला और आधुनिक स्क्रीन टावर मुख्य आकर्षण होंगे।

जगन्नाथपुर रथ मेला में 360 डिग्री झूला होगा खास आकर्षण
जागरण संवाददाता, रांची। धुर्वा स्थित ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ मेला 16 जुलाई से शुरू होगा। मेले को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई है। मेला परिसर में झूले, स्टाफ और अन्य अस्थायी ढांचों को लगाने का कार्य तेजी से चल रहा है।
इस बार मेले में 360 डिग्री झूला और आधुनिक स्क्रीन टावर लोगों के आकर्षण का केंद्र होंगे। इसके अलावा 360 डिग्री स्क्रीन रूम भी बनाया जा रहा है, जहां आगंतुकों को लाइव दृश्य बड़े पर्दे पर देखने की सुविधा मिलेगी।
टेंडर पिछले वर्ष की तुलना में चार गुना महंगा
इस बार मेले का टेंडर पिछले वर्ष की तुलना में करीब चार गुना महंगा होने से छोटे दुकानदारों और स्टॉल संचालकों की परेशानी बढ़ गई है। उनका कहना है कि बढ़ी हुई लागत का असर मेले में बिकने वाले सामानों और खान-पान की कीमतों पर भी पड़ेगा। ऐसे में झूलों का शुल्क भी पिछले साल की अपेक्षा अधिक रहने की संभावना है।
पिछले वर्ष मेले में छोटे-बड़े मिलाकर करीब पांच हजार स्टॉल लगाए गए थे। हालांकि इस बार बढ़ी हुई लागत के कारण स्टालों की संख्या कुछ कम रह सकती है।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं का लिया जायजा
रथ मेले की तैयारियों का जायजा लेने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) कुमार रजत ने मंगलवार को मेला परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बिजली के खुले तारों को सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर बताते हुए बिजली विभाग को उन्हें शीघ्र हटाने का निर्देश दिया।

एसडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी स्टॉल निर्धारित स्थानों पर लगाए जाएं तथा भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए उनके बीच पर्याप्त दूरी रखी जाए। उन्होंने रथ यात्रा मार्ग से अतिक्रमण हटाने का भी निर्देश दिया, ताकि रथ के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न आए।
उन्होंने बताया कि 15 जुलाई को आयोजित समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन का निरीक्षण किया गया। मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
