विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची में बालू का खेल निराला, एक चालान पर दौड़ रहे कई वाहन; रात के अंधेरे में अवैध कारोबार

Published: Wed, 18 Nov 2026 08:00 AM (IST)

राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में अवैध बालू कारोबार प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है, जहां एक ही ...और पढ़ें

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।

HighLights

  1. रांची में अवैध बालू कारोबार प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बना।

  2. एसएसपी की निगरानी में पुलिस कर रही लगातार छापेमारी, जांच।

मनोरंजन, रांची। राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में अवैध बालू का कारोबार प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है। वैध बालू घाटों के चालान की आड़ में दूसरे स्थानों से बालू का उठाव, एक ही चालान पर कई वाहनों के शहर में प्रवेश और रात के अंधेरे में नदियों से बालू की ढुलाई की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।

हालांकि, इस अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने भी निगरानी बढ़ा दी है। रांची के एसएसपी और ट्रैफिक एसपी इस पर लगातार नजर रख रहे हैं। गुप्त सूचना मिलने पर छापेमारी की जा रही है। एसएसपी स्वयं भी कई बार रात में सड़कों पर निकलकर वाहनों की जांच करते हैं और संदिग्ध बालू लदे वाहनों को पकड़ चुके हैं।

राजधानी में बालू लदे वाहनों की आवाजाही के लिए अलग-अलग मार्गों का इस्तेमाल किया जा रहा है। शिकायत है कि एक ही चालान पर कई वाहन अलग-अलग इलाकों में बालू पहुंचा रहे हैं। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर भी वाहनों की आवाजाही को लेकर कथित तौर पर वसूली का खेल चलता है।

इसे देखते हुए एसएसपी ने पीसीआर वैन और पेट्रोलिंग वाहनों को लगातार भ्रमणशील रहने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश दिया है। हालांकि, कुछ चौक-चौराहों पर पेट्रोलिंग वाहनों द्वारा बालू लदे वाहनों से पैसे लेने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। ऐसे में निगरानी व्यवस्था को और पारदर्शी बनाने की जरूरत है।

सिल्ली-मुरी से रांची और रामगढ़ तक पहुंच रहा बालू

सिल्ली और मुरी क्षेत्र में अवैध बालू उठाव की शिकायतें लंबे समय से सामने आ रही हैं। राढू नदी, कराची नदी, तेतला गांव के समीप स्वर्णरेखा नदी और मुरी क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी से रात के अंधेरे में बालू उठाव किए जाने की शिकायत है। ट्रैक्टर, हाइवा और टर्बो के माध्यम से बालू की आपूर्ति रांची, गोला और रामगढ़ तक किए जाने की बात सामने आई है। स्थानीय स्तर पर रोक-टोक नहीं होने से इस कारोबार में शामिल लोगों के हौसले बुलंद होने की शिकायत है।

चतरा में वैध चालान की आड़ में अवैध उठाव का आरोप

चतरा जिले के प्रतापपुर, हंटरगंज और मयूरहंड में भी बालू कारोबार की अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई हैं। प्रतापपुर के धोई नदी घाट पर पर्याप्त बालू उपलब्ध नहीं होने से लोगों को परेशानी हो रही है। वहीं, हंटरगंज में निरंजना नदी के आठ वैध बालू घाटों के चालान पर दूसरे स्थानों से बालू उठाव किए जाने का आरोप है। मयूरहंड में भी अवैध बालू कारोबार और कथित बालू माफियाओं की मनमानी की शिकायतें हैं।

इसका असर बालू की कीमतों पर भी पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, कुछ माह पहले एक ट्रैक्टर बालू की कीमत एक हजार से 1200 रुपये थी, जो अब बढ़कर दो हजार रुपये से अधिक हो गई है। इससे प्रधानमंत्री आवास और अबुआ आवास के लाभुकों के साथ आम ग्रामीणों को भी निर्माण कार्य कराने में आर्थिक परेशानी हो रही है।

वर्चस्व की लड़ाई से घाटों पर ठप हो रहा कारोबार

रामगढ़ के गोला स्थित परसाडीह बालू घाट पर रविवार को दो गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर विवाद के बाद मंगलवार को पूरे दिन बालू की ढुलाई बंद रही। विवाद के दौरान हथियार लहराए जाने की बात भी सामने आई थी। सूचना मिलने पर गोला पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति नियंत्रित की।

मंगलवार को ग्रामीणों और संबंधित लोगों के बीच समझौता बैठक हुई। इसमें घाट पर दोबारा बालू उठाव और ढुलाई शुरू कराने पर चर्चा की गई। फिलहाल घाट पर पुलिस की निगरानी है और ढुलाई शुरू होने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। बताया गया कि घाट की नीलामी हुई है और यहां सरकारी दर पर बालू का उठाव किया जाना है।

मैक्लुस्कीगंज के छापर घाट पर भी लंबे समय से विवाद

रांची जिले के मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र का छापर बालू घाट भी लंबे समय से विवादों में रहा है। यहां वर्चस्व को लेकर उग्रवादी और आपराधिक गिरोहों के बीच टकराव की घटनाएं होती रही हैं। करीब दो माह पहले राहुल दुबे गिरोह की ओर से घाट पर आगजनी और फायरिंग की घटना के बाद बालू का उठाव बंद है।

हालांकि, इससे पहले रात के अंधेरे में हाइवा और ट्रैक्टर समेत अन्य वाहनों से बालू की ढुलाई किए जाने की शिकायत थी। यहां से बालू रांची, पतरातू और आसपास के क्षेत्रों में भेजा जाता रहा है।

निगरानी और पारदर्शी कार्रवाई जरूरी

अवैध बालू कारोबार से सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचने के साथ नदियों के प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरण पर भी असर पड़ता है। वहीं, घाटों पर वर्चस्व की लड़ाई से कानून-व्यवस्था की चुनौती पैदा होती है।

ऐसे में वैध चालान की जांच, वास्तविक उठाव स्थल का सत्यापन, रात में वाहनों की नियमित जांच और अवैध ढुलाई में शामिल लोगों पर कार्रवाई जरूरी है। पुलिस प्रशासन की निगरानी के साथ खनन विभाग और परिवहन विभाग के समन्वय से ही इस कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। 

यह भी पढ़ें- झारखंड स्थापना दिवस पर तोहफा, करीब 2000 परिवारों को मिली पक्के घर की चाबी; 5600 से अधिक मजदूरों को रोजगार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।