हेमंत सरकार 2.0 के दो साल: मंइयां सम्मान में 53 लाख महिलाओं को तोहफा, पेसा लागू; परीक्षा गड़बड़ियों ने बढ़ाई टेंशन
हेमंत सरकार ने अपने दो साल पूरे किए, जिसमें मंइयां सम्मान राशि बढ़ाना, पेसा नियमावली लागू करना और वित्तीय अनुशासन में नीति आयोग की सराहना जैसी कई उपलब्धियां रहीं। रोजगार नियुक्तियों में गड़बड़ियां जैसी चुनौतियां भी प्रस्तुत करता है।

हजारों नियुक्तियां तो हुईं, लेकिन गड़बड़ियों ने लगाया रोजगार की सारी उपलब्धियां पर ग्रहण।
HighLights
मंइयां सम्मान राशि बढ़ी, पेसा नियमावली लागू हुई।
नीति आयोग ने झारखंड के वित्तीय अनुशासन की सराहना की।
रोजगार नियुक्तियों में गड़बड़ियां बनीं बड़ी चुनौती।
राज्य ब्यूरो, रांची। हेमंत सरकार-02 शनिवार को अपना दो वर्ष पूरा करेगी। यह अवसर इसपर मंथन करने का है कि दो वर्ष के कार्यकाल में इस सरकार ने जनकल्याण को लेकर क्या-क्या कदम उठाए तथा इसमें कहां तक बढ़ी। सरकार बनाने से पहले सत्तासीन दलों ने जो-जो वादे पूरे किए थे, उनमें कितने पूरे हुए, कितने पाइपलाइन में हैं तथा कितने ठंडे बस्ते में।
निश्चित रूप से दो वर्ष में सरकार ने वादे के अनुरूप कई योजनाएं शुरू की हैं तो कुछ प्रक्रियाधीन भी हैं। दूसरी तरफ, कई ऐसे वादे हैं, जिनपर अभी तक काम शुरू नहीं हुआ है। हालांकि सरकार के पास उन्हें लागू करने के लिए उनके कार्यकाल के तीन वर्ष बचे हैं।
दो वर्ष के कार्यकाल में राज्य सरकार ने बहुप्रतीक्षित पेसा नियमावली के अलावा कई नीतियां लागू कीं। झारखंड विधानसभा से विधेयक पारित कर कई नए कानून भी लागू किए गए। सत्तारूढ़ झामुमो ने अपने घोषणापत्र में मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना के तहत लाभुकों की राशि एक हजार रुपये से बढ़ाकर ढाई हजार करने का वादा किया था।
सरकार बनते ही इस वादे को पूरा किया गया। आज भी लगभग 53 लाख महिला लाभुकों को नियमित रूप से इस योजना का लाभ मिल रहा है। राज्य सरकार ने सीएम स्कूल आफ एक्सीलेंस की संख्या भी में वृद्धि की घोषणा के अनुरूप काम किया।
100 ऐसे स्कूलों को विकसित करने की योजना की स्वीकृति कैबिनेट में मिल चुकी है। उम्मीद की जा रही है कि शैक्षणिक सत्र 2027-28 से इन उत्कृष्ट विद्यालयों में नामांकन शुरू हो जाएगा। हालांकि घोषणा में 500 की संख्या बताई गई थी, जिनपर आनेवाले वर्षों में काम हाे सकता है।
रोजगार की बात करें तो हाल ही में 3,044 प्रशिक्षित युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए, जिनमें से लगभग 500 को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में अवसर मिले। इससे पहले भी लगभग डेढ़ लाख युवाओं को विभिन्न कंपनियों में रोजगार के अवसर प्रदान किए गए।
दो वर्षों में सरकारी क्षेत्रों में लगातार नियुक्ति पत्र वितरण किए गए, लेकिन इन प्रयासों का झटका उस समय लगा जब जेपीएससी की कई परीक्षाओं के अलावा जेएसएससी की सीजीएल परीक्षा पर उंगलियां उठने लगीं। बाद में सीआइडी की जांच में इन परीक्षाओं में व्यापक गड़बड़ियां सामने आईं। अभी इसकी जांच चल रही है।
झामुमो ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में जरूरतमंदों के लिए 15 लाख तक के निश्शुल्क इलाज की योजना अबुआ स्वास्थ्य योजना, पांच हजार परिवार पर एक एंबुलेंस, 50 लाख पोषण वाटिका निर्माण, राज्य में 100 नर्सिंग कालेज, स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सक और दवा की सुनिश्चित करने का वादा भी किया था। इसमें अबुआ स्वास्थ्य योजना का लाभ लोगों को मिल रहा है।
एंबुलेंस क्रय की प्रक्रिया चल रही है। अन्य योजनाएं भी प्रकियाधीन हैं। राज्य सरकार ने वर्तमान वित्तीय वर्ष के बजट में 750 अबुआ दवाखाना खोलने की घोषणा की थी। इसपर भी कैबिनेट की स्वीकृति मिल चुकी है।
हालांकि अभी ये दवाखानें खुली नहीं हैं। सरकार का लक्ष्य किफायती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराना है। राज्य भर के सभी पांच सरकारी मेडिकल कालेजों और अस्पतालों में पैट और सीटी स्कैन मशीनें लगाई जाएंगी। यह प्रक्रियाधीन है।
नीति आयोग ने की वित्तीय अनुशासन की सराहना
नीति आयोग ने झारखंड के आर्थिक प्रबंधन और वित्तीय अनुशासन की सराहना की है। आयोग द्वारा जारी राजकोषीय स्वास्थ्य सूचकांक-2026 की रिपोर्ट में झारखंड ने 50.5 अंकों के साथ देश के शीर्ष तीन राज्यों में अपना स्थान सुरक्षित किया है।
इसमें झारखंड के साथ ओडिशा और गोवा शामिल हैं। हालांकि यह रिपोर्ट वित्तीय वर्ष 2023-24 के आंकड़ों के विश्लेषण पर जारी की गई, जिसमें देश के 18 प्रमुख राज्यों के प्रदर्शन को जांचा गया था।
झारखंड ने इस रैंकिंग में न केवल बेहतर प्रदर्शन किया है, बल्कि अपने पड़ोसी राज्यों बिहार, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश को भी काफी पीछे छोड़ दिया है।
सरकार की उपलब्धियां
- झारखंड ने पहली बार वर्ल्ड इकोनामिक फोरम (दावोस) 2026 में हिस्सा लिया, जिससे राज्य को ग्रीन इंडस्ट्रियलाइजेशन और खनिज विकास के लिए वैश्विक स्तर पर निवेश के अवसर मिलेंगे।
- झारखंड विश्वविद्यालय अधिनियम, 2026 लागू किया गया, जिसमें विश्वविद्यालयों के शैक्षणिक व प्रशासनिक क्रियाकलापों से लेकर कुलपतियों की नियुक्ति में व्यापक बदलाव किया गया है। इसमें विश्वविद्यालय सेवा आयाेग के गठन का भी प्रविधान है, जिसके माध्यम से अब विश्वविद्यालयों में शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों की नियुक्ति होगी। हालांकि इस अधिनियम के अधिसंख्य प्रविधानों को लागू करने के लिए परिनियम लागू किया जाना बाकी है।
- मेडिकल कालेजों में सीटें बढ़ाने में सरकार सफल रही। इसके लिए मेडिकल कालेजों की आधारभूत संरचनाओं के विस्तार की योजना भी शुरू हो गई, जो टेंडर प्रक्रिया में है।
- धनबाद, जामताड़ा, गिरिडीह और खूंटी में पीपीपी मोड पर मेडिकल कालेजों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई। हालांकि इसमें केंद्र का भी सहयोग है।
- रांची के कांके में 2,184 करोड़ की मेडिको सिटी परियोजना पर हाल ही में कैबिनेट की स्वीकृति मिली है। मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा देने और रोजगार के नए अवसर उत्पन्न करने की उम्मीद है।
- राज्य सरकार ने झारखंड बजट स्थिरीकरण कोष का भी गठन किया है। इसका उद्देश्य भविष्य में आय में संभावित कमी, विशेष रूप से खनन राजस्व में कमी के कारण राज्य के दायित्वों पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों से राज्य को सुरक्षित करना है। इस कोष में निवेश का अनुमान 2025-26 में 832 करोड़ रुपए और 2026-27 में 1,209 करोड़ रुपए है।
- राज्य में 2 जनवरी 2026 से पेसा (पेसा) अधिनियम लागू कर दिया गया है।
- इससे ग्राम सभाओं को बालू घाटों के प्रबंधन और स्थानीय विकास योजनाओं के
- चयन में सीधे अधिकार प्राप्त हुए हैं।
इनपर काम हाेना बाकी
- राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में चतरा जिले में डा. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की स्थापना करेगी। इसपर अभी कुछ भी काम नहीं हुआ है।
- बजट में झारखंड में पांच बालिका आवासीय विद्यालय धनबाद में दो, पलामू, लातेहार और गढ़वा में एक-एक बनने की घोषणा की गई। यह योजना अभी शुरू नहीं हुई है।
बजट आकार
वर्ष 2025-26 : 1,45,400 करोड़
वर्ष 2026-27 : 1,58,560 करोड़
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।