झारखंड में HEC की संपत्तियों और देनदारियों का होगा पूरा हिसाब, प्रशासक ने मांगी पूरी कुंडली
प्रशासक एस. गोपाल कृष्णन ने एचईसी रांची की बदहाल आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए मोर्चा संभाला है। उन्होंने कंपनी की ...और पढ़ें

HEC का गेट। फाइल फोटो
HighLights
प्रशासक ने एचईसी की वित्तीय स्थिति का आकलन शुरू किया।
कंपनी की संपत्तियों, देनदारियों और बकाया वेतन की जानकारी मांगी।
कर्मचारियों के लिए बकाया वेतन का ब्योरा देने हेतु फॉर्म जारी होगा।
जागरण संवाददाता, रांची। एचईसी की बदहाल आर्थिक स्थिति को सुधारने और कंपनी की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के लिए एनसीएलटी द्वारा नियुक्त प्रशासक एस. गोपाल कृष्णन ने मोर्चा संभाल लिया है।
उन्होंने कंपनी के आला अधिकारियों के साथ बैठक कर एचईसी की चल-अचल संपत्तियों, कुल देनदारियों, कर्मचारियों के बकाया वेतन, लंबित कार्यादेश, उत्पादन, स्टोर और अन्य वित्तीय गतिविधियों की विस्तृत जानकारी मांगी है।
प्रशासक की इस पहल से कंपनी की आर्थिक स्थिति और वर्षों से लंबित भुगतान का पूरा हिसाब सामने आने की उम्मीद है।
बैठक में प्रशासक ने अधिकारियों से कहा कि कंपनी पर कई पक्षों की देनदारियां हैं। समय पर भुगतान नहीं होने के कारण एचईसी को मौजूदा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ऐसे में सभी देनदारियों का आकलन कर उन्हें व्यवस्थित तरीके से समाप्त करने की जिम्मेदारी है। इसमें कर्मचारियों का बकाया वेतन भी शामिल है।
उन्होंने विभिन्न कार्यशालाओं में चल रहे उत्पादन की जानकारी ली और स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में कंपनी का उत्पादन बंद नहीं होना चाहिए।
एक महीने के लिए आए हैं प्रशासक, आगे मिल सकता है एक्सटेंशन
प्रशासक ने अधिकारियों को बताया कि न्यायालय के आदेश पर वे एक महीने के लिए एचईसी का कामकाज देखने आए हैं। उनके साथ पांच अन्य अधिकारी भी हैं, जो कंपनी की विभिन्न गतिविधियों का आकलन करेंगे।
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि आवश्यकता पड़ने पर अधिकारियों को आगे एक्सटेंशन मिल सकता है। यानी आने वाले दिनों में कंपनी की संपत्तियों, देनदारियों और कामकाज की गहन जांच होगी।
कर्मचारियों से मांगा जाएगा बकाया का पूरा ब्योरा
लंबे समय से वेतन के इंतजार में बैठे कर्मचारियों के लिए प्रशासक ने महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जल्द ही कर्मचारियों के लिए एक फार्म जारी किया जाएगा।
इसमें प्रत्येक कर्मचारी को अपने बकाया वेतन और अन्य देय राशि का विस्तृत ब्योरा भरकर जमा करना होगा। इससे कर्मचारियों की वास्तविक देनदारी का रिकॉर्ड तैयार करने में मदद मिलेगी।
ठेका श्रमिकों पर भी मांगी जानकारी, अफसरों में चर्चा तेज
अस्थायी कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों के संबंध में प्रशासक ने स्पष्ट किया कि ठेका श्रमिक सीधे कंपनी से जुड़े नहीं हैं।
उन्हें जिन एजेंसियों के माध्यम से काम पर लगाया गया है, उन सभी एजेंसियों की विस्तृत जानकारी मांगी गई है। इससे ठेका श्रमिकों की संख्या, उनकी नियुक्ति व्यवस्था और भुगतान की जिम्मेदारी स्पष्ट हो सकेगी।
प्रशासक द्वारा संपत्तियों, देनदारियों, कार्यादेश और कर्मचारियों की विस्तृत जानकारी मांगे जाने के बाद एचईसी के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच चर्चाएं तेज हो गई हैं।
अधिकारियों के बीच इस बात को लेकर चर्चा है कि कंपनी की वित्तीय स्थिति की समीक्षा के बाद आगे किस तरह के फैसले लिए जाएंगे।
वहीं, कर्मचारियों को उम्मीद है कि उनके बकाया वेतन के भुगतान की दिशा में ठोस पहल होगी। दूसरी ओर, कंपनी के भविष्य और उत्पादन व्यवस्था को लेकर भी उत्सुकता बनी हुई है।
अब सबकी नजर इस बात पर है कि प्रशासक की समीक्षा के बाद एचईसी को संकट से निकालने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
यह भी पढ़ें- छठ के बाद गंगा किनारे यात्रियों की भारी भीड़, भागलपुर में 15-20 मिनट पर चल रहे स्टीमर