गढ़वा में रेलवे लाइन से पत्थरों की अवैध निकासी कर टाउनशिप के निर्माण कार्य में लगाने का आरोप
भवनाथपुर प्रखंड प्रमुख शोभा देवी ने गढ़वा उपायुक्त से कैलान गांव में रेलवे लाइन किनारे से पत्थरों की अवैध निकासी ...और पढ़ें

भवनाथपुर एलएनटी के साइड में डंप बोल्डर।
HighLights
प्रखंड प्रमुख ने अवैध पत्थर निकासी की जांच मांगी।
रेलवे लाइन किनारे से पत्थरों की चोरी का आरोप।
निर्माणाधीन पानी टंकी में उपयोग होने की आशंका।
संवाद सूत्र, वनाथपुर (गढ़वा)। भवनाथपुर प्रखंड के कैलान गांव में रेलवे लाइन के किनारे से कथित रूप से पत्थरों की अवैध निकासी कर निर्माण कार्य में इस्तेमाल किए जाने का मामला तूल पकड़ने लगा है। मामले को लेकर भवनाथपुर प्रखंड प्रमुख शोभा देवी ने गढ़वा उपायुक्त को आवेदन देकर जिला स्तरीय उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
उपायुक्त को दिए आवेदन में प्रखंड प्रमुख ने बताया है कि स्थानीय ग्रामीणों की शिकायत के अनुसार कैलान गांव में रेलवे लाइन के किनारे से पत्थरों की निकासी कर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से अन्यत्र ले जाया जा रहा है। ग्रामीणों ने निर्माणाधीन पानी टंकी स्थल पर करीब 70 ट्रैक्टर-ट्रॉली पत्थर गिराए जाने की जानकारी दी है।
इस मामले में निर्माण कार्य करा रही एलएंडटी कंपनी की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं। आशंका जताई गई है कि रेलवे किनारे से निकाले गए पत्थरों का इस्तेमाल पानी टंकी निर्माण में किया जा रहा है। हालांकि अब तक घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्रखंड प्रमुख ने मामले को सरकारी संपत्ति की सुरक्षा और रेलवे ट्रैक की संरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बताया है। उन्होंने जिला स्तरीय जांच टीम गठित कर रेलवे विभाग के अधिकारियों और निर्माण कंपनी के प्रतिनिधियों से जवाब लेने, पत्थरों के स्रोत एवं खरीद-बिक्री से संबंधित दस्तावेजों की जांच कराने तथा जांच पूरी होने तक विवादित पत्थरों के उपयोग और स्थानांतरण पर रोक लगाने की मांग की है।
उन्होंने यह भी मांग की है कि रेलवे संपत्ति की चोरी अथवा अवैध खरीद-बिक्री की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई कराई जाए।