हजारीबाग की पूर्व मेयर अंजलि भाजपा छोड़ झामुमो में हुईं शामिल, पूर्व उपाध्यक्ष ने थामा कांग्रेस का 'हाथ'
झारखंड में विधानसभा चुनाव के कारण सियासी पारा हाई है। नेताओं के इधर-उधर जाने का सिलसिला भी जारी है। इसी क्रम में अब हजारीबाग की पूर्व मेयर अंजलि भाजपा छोड़ झामुमो में शामिल हो गईं हैं। अंजलि कुमार ने आगे कहा भाई साहब कल्चर के कारण झारखंड भाजपा की नैया डूब रही है। इस राज्य में झामुमो ही ऐसी पार्टी है जो हर वर्ग का एक जैसा ख्याल रखती है

राज्य ब्यूरो, रांची। Jharkhand Election 2024 हजारीबाग नगर निगम की पूर्व महापौर और चर्चित भाजपा नेत्री अंजलि कुमारी ने मंगलवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) की उपस्थिति में अंजली कुमारी ने झामुमो की सदस्यता ली।
अंजलि कुमारी ने कहा कि भाजपा में झारखंडियों की कोई अहमियत नही है। अब छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार और यूपी के लोग भाजपा चला रहे है। ये लोग स्थानीय झारखंडी कार्यकर्ताओं को गुलाम समझते हैं और उनकी अनदेखी कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इसका प्रत्यक्ष प्रमाण इस बार के टिकट बंटवारे में देखने को मिला, जिसमें समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी की गई। अंजलि कुमार ने आगे कहा, "भाई साहब कल्चर के कारण झारखंड भाजपा की नैया डूब रही है। इस राज्य में झामुमो ही ऐसी पार्टी है जो हर वर्ग का एक जैसा ख्याल रखती है और पार्टी में कार्यकर्ताओं को भी पूरा सम्मान मिलता है"।
भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व उपाध्यक्ष कांग्रेस में शामिल
भाजपा प्रदेश किसान मोर्चा के पूर्व उपाध्यक्ष सह पिछड़ा वर्ग महासभा के प्रदेश महासचिव अमरनाथ गुप्ता ने मंगलवार को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने उन्हें दल की सदस्यता प्रदान की। मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए कमलेश ने कहा कि भाजपा के नीति से लोगों का मोह भंग हो रहा है। भाजपा जब-जब सत्ता में आती है, लोगों के बीच नफरत बढ़ाती है।
उन्होंने यह भी कहा कि महागठबंधन की सरकार ने लोगों की उम्मीदों को पूरा किया है और इसका पूरा लाभ इस चुनाव में हमें मिलेगा और बहुमत के साथ हमारी सरकार की वापसी होगी।
अमरनाथ गुप्ता ने कहा कि मैंने किसी लालच में कांग्रेस की सदस्यता नहीं ली है, बल्कि राहुल गांधी के पिछड़े, दलित, शोषित पीड़ित के उत्थान की सोच के चलते यहां आया हूं। उनके साथ सदस्यता ग्रहण करने वालों में विकास कुमार यादव, प्रियांशु कुमार, यश कुमार झा अमन सिंह, प्रवीण कुमार अग्रवाल, राहुल, सूरज, राजकुमार, आदर्श दुबे आदि प्रमुख रहे। इस अवसर पर प्रमुख रूप से रविंद्र सिंह, राकेश सिन्हा, सतीश पाल मुंजनी, मदन मोहन शर्मा, सोनाल शांति, अमूल्य नीरज खलखो, गजेंद्र सिंह आदि उपस्थित थे।
विधानसभा चुनाव: दूसरे चरण की सीटों पर अंतिम दिन 297 नामांकन
झारखंड विधानसभा चुनाव के तहत दूसरे चरण की 38 सीटों पर अंतिम दिन मंगलवार को नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो गई। अंतिम दिन 297 उम्मीदवारों ने नामांकन किया। इन सीटों पर कुल 634 उम्मीदवारों का नामांकन हुआ। सबसे अधिक 27-27 नामांकन धनवार और बोकारो में हुआ है। दूसरी तरफ, सबसे कम नामांकन देवघर में महज आठ हुआ है। इन सीटों पर दाखिल नामांकन पत्रों की जांच बुधवार को होगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।