कंपनी ने नौकरी से निकाला, तो कर्मचारी ने लिया इंतकाम; कोयला से लदे हाईवा में लगवाई आग
नौकरी से निकाले जाने के बाद एक पूर्व कर्मचारी ने कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के लिए कोयला लदे हाईवा में आग लगवाई।

एआई से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर
HighLights
नौकरी छूटने पर पूर्व कर्मचारी ने कंपनी से बदला लिया।
कोयला लदे हाईवा में आग लगाने की साजिश रची।
पुलिस ने मास्टरमाइंड सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
जागरण संवाददाता, रांची। नौकरी छूटने की नाराजगी में एक पूर्व कर्मचारी ने उसी कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचाने की साजिश रच डाली, जहां वह पहले काम करता था।
खलारी थाना क्षेत्र के बड़कीटांड़ में आठ नवंबर को कोयला लदे हाईवा में आग लगाने की घटना के पीछे मोहित मिनरल कंपनी के पूर्व कर्मचारी मो. मोजम्मिल को पुलिस ने मास्टरमाइंड बताया है।
कंपनी से निकाले जाने के बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर आगजनी की योजना बनाई। इतना ही नहीं, कंपनी के कर्मचारी सूरज कुमार को जान से मारने की नीयत से उसके वाहन और घर की रेकी भी की गई थी। आरोपित खलारी पहुंच रहे थे। इसी दौरान एसआइटी ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
नौकरी छूटने के बाद कंपनी को नुकसान पहुंचाने की बनाई योजना
पुलिस की जांच में सामने आया कि मो मोजम्मिल पहले मोहित मिनरल कंपनी में काम करता था। कुछ दिन पहले कंपनी ने उसे नौकरी से हटा दिया था। इसके बाद उसने कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचाने की योजना बनाई।
इसके लिए उसने अफताब आलम उर्फ टिंकू, हसन अंसारी और कलीम अंसारी के साथ मिलकर साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक, कंपनी के कर्मचारी सूरज कुमार को निशाना बनाने के उद्देश्य से उसके घर और वाहन की रेकी की गई। इसके बाद आठ नवंबर को बड़कीटांड़ में कोयला लदे हाईवा में आग लगा दी गई।
लेवी नहीं मिली तो दूसरी घटना को अंजाम देने निकले
आगजनी की घटना के बाद आरोपितों को लेवी की रकम नहीं मिली। पुलिस के अनुसार, इसी वजह से गिरोह के सदस्य दोबारा वारदात करने की तैयारी में थे। रविवार को एसआइटी को गुप्त सूचना मिली कि घटना में शामिल अपराधी कार से खलारी की ओर आ रहे हैं।
इसके बाद बलथरवा इलाके में वाहन जांच शुरू की गई। बिजुपाड़ा की ओर से आ रही संदिग्ध वैगनआर कार को रोककर तलाशी ली गई। उसमें अफताब आलम, हसन अंसारी और कलीम अंसारी सवार थे।
पूछताछ में तीनों ने आठ नवंबर की आगजनी में शामिल होने की बात स्वीकार की और मो. मोजम्मिल की भूमिका बताई। इसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
बैंक डकैती में जेल जा चुका है हसन अंसारी
गिरफ्तार आरोपितों में हसन अंसारी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। वह ओडिशा के रेंगाली थाना कांड संख्या 1474/25 में आरोपित रहा है।
इस मामले में बैंक डकैती और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज है। पुलिस ने आरोपितों के पास से एक कार, तीन मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड, एक देशी कट्टा और तीन जिंदा गोलियां बरामद की हैं।
यह भी पढ़ें- रांची वालों को मिलेगा साफ मटन, 5 दिसंबर से खुले में नहीं कटेगा बकरा; कांके में शुरू होगा स्लाटर हाउस