रांची वालों को मिलेगा साफ मटन, 5 दिसंबर से खुले में नहीं कटेगा बकरा; कांके में शुरू होगा स्लाटर हाउस
रांची नगर निगम 5 दिसंबर से कांके स्थित स्लॉटर हाउस का ट्रायल रन शुरू करेगा। अब शहर के सभी मांस विक्रेताओं को यहीं पर स्वच्छ और सुरक्षित मांस की कटाई करानी होगी, जिससे अस्वच्छ बिक्री पर रोक लगेगी।

मटन की कटाई। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
कांके स्लॉटर हाउस का ट्रायल रन 5 दिसंबर से शुरू होगा।
सभी मांस विक्रेताओं को यहीं पर कटाई कराना अनिवार्य होगा।
शहर में स्वच्छ और सुरक्षित मांस की आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
जागरण संवाददाता, रांची। शहर के सभी मांस दुकानदारों को अब मांस की कटाई के लिए कांके स्थित स्लाटर हाउस जाना होगा। रांची नगर निगम पांच दिसंबर से इसका ट्रायल रन शुरू करने की तैयारी कर रहा है।
इसके बाद सभी मांस दुकानदारों को निर्धारित व्यवस्था के तहत यहीं मांस की कटाई करानी होगी। कांके स्लाटर हाउस की प्रतिदिन एक हजार बकरा, बकरी और भेड़ की कटाई करने की क्षमता है।
निगम इस व्यवस्था का सख्ती से अनुपालन कराएगा। इसका उद्देश्य शहर में अस्वच्छ तरीके से मांस की कटाई पर रोक लगाने के साथ लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित मांस उपलब्ध कराना है।
स्लॉटर हाउस शुरू का करने का काम तेज
स्लाटर हाउस को दोबारा चालू करने के लिए निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परिसर में घास और झाड़ियों की कटाई, पेड़ों की छंटाई तथा विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
हाई प्रेशर वाटर गन से फर्श और अन्य हिस्सों की सफाई कराई जा रही है। साथ ही कचरे का नियमित उठाव सुनिश्चित किया जा रहा है।
वहीं, स्लाटर हाउस में लगी अत्याधुनिक मशीनों और उपकरणों की मरम्मत का काम इंजीनियरिंग टीम कर रही है।
बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ मुख्य भवन की पेंटिंग और अन्य जरूरी सिविल कार्य भी कराए जा रहे हैं। निगम का प्रयास है कि पांच दिसंबर तक सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ट्रायल रन शुरू कर दिया जाए।
अस्वच्छ मांस की बिक्री पर लगेगी लगाम
सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. आनंद शेखर झा ने बताया कि नगर आयुक्त के निर्देश पर सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जा रहे हैं।
स्लाटर हाउस के पुनः संचालन के बाद सभी मांस दुकानदारों को यहीं निर्धारित प्रक्रिया के तहत कटाई करानी होगी। इसके अनुपालन के लिए निगरानी भी की जाएगी।
स्लाटर हाउस शुरू होने से मांस की कटाई और आपूर्ति की प्रक्रिया व्यवस्थित होगी। साथ ही अस्वच्छ तरीके से मांस काटने और बेचने पर नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी। निगम का लक्ष्य शहर में स्वच्छता और स्वास्थ्य मानकों का पालन सुनिश्चित करना है।