यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 06, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jharkhand News: ड्रग तस्करी रोकने में विफल अधिकारियों पर होगा एक्शन, डीजीपी ने दे दिया ये बड़ा आदेश
मादक पदार्थों की तस्करी रोकने नशे के खिलाफ अभियान चलाने और गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आदि के मुद्दे ...और पढ़ें

HighLights
- डीजीपी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के एसएसपी-एसपी, रेंज डीआइजी, जोनल आइजी के साथ की बैठक
- स्कूल-कॉलेजों के आसपास की दुकानों के खुलने व बंद करने के निर्धारित समय का सख्ती से अनुपालन कराने का भी दिया निर्देश
राज्य ब्यूरो, रांची। मादक पदार्थों की तस्करी रोकने, नशे के विरुद्ध अभियान चलाने, गिरफ्तार आरोपितों पर सख्त कार्रवाई आदि के मुद्दे पर डीजीपी अजय कुमार सिंह ने गुरुवार को पुलिस मुख्यालय में समीक्षा बैठक की।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में सभी जिलों के एसएसपी-एसपी, रेंज डीआइजी व जोनल आइजी भी जुड़े थे।
डीजीपी ने यह स्पष्ट निर्देश दिया है कि स्कूल-कालेजों के आसपास की दुकानों पर नजर रखें, कहीं वहां मादक पदार्थ तो नहीं बिक रहे।
उपायुक्त के सहयोग से ऐसी दुकानों के खुलने व बंद होने के समय का सख्ती से पालन कराएं। मादक पदार्थों की तस्करी रोकने में विफल पदाधिकारियों पर अनुशासनिक कार्रवाई होगी।
डीजीपी ने समीक्षा बैठक में मादक पदार्थ की तस्करी रोकने व इसमें शामिल गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित करने तथा कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
उन्होंने इससे संबंधित दर्ज कांडों का नियमानुकूल अनुसंधान करते हुए साक्ष्य संकलित करने, ट्रायल के दौरान गवाहों को समय पर न्यायालय में उपस्थापन कराने का भी निर्देश दिया है।
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो से समन्वय कर चलाएं अभियान
डीजीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि नारकोटिक्स के मामले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के साथ राज्य पुलिस समन्वय स्थापित कर अभियान चलाए।
बेहतर परिणाम के लिए पूर्व में तैयार एसओपी का अनुपालन सुनिश्चित करें। मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित दर्ज कांडों के गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान, जब्ती सूची तैयार करने सहित उसके नमूने की जांच, जब्त पदार्थों को नष्ट करने के लिए जिला स्तर पर पुलिस पदाधिकारियों को प्रशिक्षित कराने के लिए भी डीजीपी ने निर्देश दिया है।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
पुलिस मुख्यालय में आयोजित बैठक में डीजीपी अजय कुमार सिंह, डीजी सीआइडी अनुराग गुप्ता, एडीजी मुख्यालय आरके मल्लिक, आइजी रांची अखिलेश झा, आइजी प्रोविजन पंकज कंबोज, आइजी सीआइडी असीम विक्रांत मिंज व एसपी विशेष शाखा चंदन कुमार झा मौजूद थे।
वहीं, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सभी जोनल आइजी, रेंज डीआइजी, रांची, धनबाद व जमशेदपुर के एसएसपी व सभी जिलों के एसपी शामिल हुए।
यह भी पढ़ें: Jharkhand Lok Sabha Result 2024: झारखंड में कांग्रेस के लिए गुड न्यूज, हर सीट पर रिकॉर्ड इतने लाख वोटों की बढ़ोतरी
