दांतों से पेन पकड़कर जैक मैट्रिक परीक्षा में लाए 93.8% अंक, CM हेमंत सोरेन ने बढ़ाया गोड्डा के फैजानुल्लाह का हौसला
गोड्डा के दिव्यांग छात्र फैजानुल्लाह ने सेरेब्रल पाल्सी के बावजूद मुंह से पेन पकड़कर लिखकर मैट्रिक परीक्षा 2026 में 93.8% अंक प्राप्त किए।

फैजानुल्लाह मुंह से पेन पकड़कर मैट्रिक परीक्षा की पास। (सोशल मीडिया)
HighLights
फैजानुल्लाह ने मुंह से लिखकर मैट्रिक में 93.8% अंक प्राप्त किए।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने फैजानुल्लाह की दृढ़ इच्छाशक्ति की सराहना की।
राज्य सरकार ने दिव्यांग छात्र को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड विधानसभा में गुरुवार को गोड्डा के दिव्यांग छात्र फैजानुल्लाह ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की।
उसने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि वह सेरेब्रल पाल्सी नामक बीमारी से प्रभावित है और दांतों से पेन पकड़कर पढ़ाई की तथा परीक्षा दी है।
उसने झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) की मैट्रिक परीक्षा-2026 में मुंह से लिखकर 93.8 प्रतिशत अंक प्राप्त की और सफलता हासिल की है। फैजानुल्लाह का नामांकन यूएचइस शिवाजी नगर, गोड्डा में है।
मुख्यमंत्री ने फैजानुल्लाह के शिक्षा के प्रति जज्बा व दृढ़ इच्छाशक्ति की सराहना की और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसका हौसला बढ़ाया।

सीएम ने किया सम्मानित। (सोशल मीडिया)
यह भी कहा कि राज्य सरकार की ओर से उसे हर संभव सहयोग किया जाएगा। उसकी यह उपलब्धि न केवल झारखंड, बल्कि पूरे देश में समावेशी शिक्षा, दृढ़ इच्छाशक्ति एवं दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा का एक प्रेरणादायक उदाहरण है।
मौके पर राज्य सरकार के कई मंत्री एवं विधायक भी उपस्थित थे। गौरतलब है कि दिव्यांग फैजानुल्लाह की शिक्षा झारखंड सरकार की समावेशी शिक्षा व्यवस्था के अंतर्गत गृह आधारित शिक्षा (एचबीई) के माध्यम से संचालित हुई।
दिव्यांग होने के बावजूद उसने अपने दृढ़ संकल्प, मेहनत तथा समावेशी शिक्षा के सहयोग से जैक से संचालित मैट्रिक परीक्षा में 93.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर एक असाधारण उपलब्धि हासिल की है।
यह भी पढ़ें- JPSC परीक्षा में AI से लिखी गई थीं मुख्य परीक्षा की कॉपियां, रांची में गुप्त ठिकाने पर रात भर चला था खेल!