विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्वर्ण पदक विजेता गुमला की पार्वती टोपनो के घर में न शौचालय, न ही साफ पानी; घर पहुंची डालसा की टीम ने दिया भरोसा

Published: Sat, 03 Oct 2026 10:10 PM (IST)

झालसा के निर्देश पर डालसा गुमला टीम ने जूनियर एशिया हाकी कप विजेता पार्वती टोपनो के घर का दौरा किया।

घर पहुंची डालसा की टीम। (जागरण)

घर पहुंची डालसा की टीम। (जागरण)

HighLights

  1. डालसा गुमला टीम ने पार्वती टोपनो के घर का दौरा किया।

  2. परिवार ने शौचालय और स्वच्छ पेयजल की कमी बताई।

  3. डालसा ने सरकारी योजनाओं से मदद का आश्वासन दिया।

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) के कार्यकारी अध्यक्ष जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद के निर्देश पर जूनियर एशिया हाकी कप की स्वर्ण पदक विजेता पार्वती टोपनो और अन्य खिलाड़ियों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) गुमला टीम ने उनके घरों का दौरा किया।

अखबार में छपी खबर के आधार पर जस्टिस एसएन प्रसाद ने झालसा को निर्देश दिया था कि जूनियर एशिया हाकी कप में स्वर्ण पदक जीतने वाली झारखंड की महिला खिलाड़ियों द्वारा रखी गई समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इसके आलोक में डालसा टीमों को खिलाड़ियों के घर जाकर उनकी समस्याएं जानकर आवश्यक सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया गया।

इसके बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गुमला की टीम ने स्वर्ण पदक विजेता पार्वती टोपनो के ग्राम कुम्हार टोली, प्रखंड कामडारा, जिला गुमला स्थित आवास का दौरा किया।

इस दौरान टीम ने पार्वती के माता-पिता सोमा टोपनो एवं जानो टोपनो से मुलाकात कर परिवार की स्थिति और उपलब्ध सरकारी सुविधाओं की जानकारी ली।

परिवार के सदस्यों ने बताया कि पार्वती टोपनो दौरे से एक दिन पूर्व हाकी प्रशिक्षण के लिए बेंगलुरु रवाना हो चुकी हैं। परिवार ने यह भी बताया कि उनके आवास में वर्तमान में शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं है तथा स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था भी नहीं है।

डालसा टीम ने परिवार को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के समन्वय से परिवार को उन सभी सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा, जिनका वे पात्र हैं। टीम ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

यह भी पढ़ें- कौन हैं झारखंड की वो 4 बेटियां? भारतीय महिला हॉकी टीम को एशियन गेम्स में दिलाया गोल्ड