यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 30, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सभी मामलों का निपटारा कोर्ट ही करेगा तो जज को ही बनाना पड़ेगा डीसी
सीएम ने कहा कि अगर सभी मामलों का निपटारा हाई कोर्ट-सुप्रीमकोर्ट से ही होगा तो जज को ही डीसी बनाना पड़ेगा।

राज्य ब्यूरो, रांची। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने एक बार फिर राज्य के अधिकारियों को ताकीद की है कि वे संवेदनशील होकर काम करें। मंगलवार को सूचना भवन में सीएम जनसंवाद के तहत सीधी बात में मुख्यमंत्री अफसरों पर जमकर बरसे। उपायुक्तों के कामकाज करने के तौर-तरीके पर उनका गुस्सा उतरा। उन्होंने कहा कि शिकायतों की लीपापोती और लालफीताशाही बर्दाश्त नहीं करेंगे।
बोकारो के उपायुक्त को फटकार लगाते हुए सीएम ने कहा कि आप किस लिए डीसी बनाए गए हैं? अगर सभी मामलों का निपटारा हाई कोर्ट-सुप्रीम कोर्ट से ही होगा तो जज को ही डीसी बनाना पड़ेगा। उन्होंने तत्काल मामले का निपटारा करने को कहा। इसके तत्काल बाद गुमला से शिकायत आई कि पालकोट में स्वच्छ भारत अभियान के तहत शौचालय बनाने का काम शुरू नहीं किया गया है। उपायुक्त ने भौगोलिक स्थिति के बारे में बताना शुरू किया तो मुख्यमंत्री ने कहा कि वे पालकोट के बारे में जानते हैं। अधिकारी उन्हें उत्तर-दक्षिण न समझाएं।
