विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड स्थापना दिवस: CM सोरेन ने दी ₹9097 करोड़ की सौगात, खनिज सेस पर केंद्र से आर-पार की लड़ाई का एलान

Published: Sat, 28 Nov 2026 07:33 PM (GMT+05:30)

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड स्थापना दिवस पर ₹9,097 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया, साथ ही बोर्ड टॉपर्स और खिलाड़ियों को सम्मानित किया 

प्रोजेक्ट का अवलोकन करते सीएम सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन। X/HemantSorenJMM

प्रोजेक्ट का अवलोकन करते सीएम सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन। X/HemantSorenJMM

HighLights

  1. मुख्यमंत्री ने ₹9,097 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास-उद्घाटन किया।

  2. खनिज पर सेस हमारा अधिकार, कानूनी लड़ाई को तैयार।

  3. झारखंड को 2050 तक अग्रणी राज्य बनाने का लक्ष्य।

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड स्थापना दिवस पखवारा के समापन तथा राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर शनिवार को खेलगांव के स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में समारोह का आयोजन हुआ।

इसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूरे प्रदेश के लिए अलग-अलग विभागों की 9,097 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्धाटन किया।

प्रदेश के विभिन्न बोर्ड के टापर विद्यार्थियों को नकद राशि एवं लैपटाप और मोबाइल देकर पुरस्कृत किया। खिलाड़ी भी सम्मानित हुए। ढोल-नगाड़े की थाप के बीच मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में सर्वाधिक खनिज है।

यही खनिज दूसरे राज्यों के साथ विदेश तक गया है। हमारे खनिज से दूसरे राज्य आगे बढ़ गए, जबकि हम पीछे रह गए। इसलिए पूर्वजों ने अलग झारखंड के लिए आंदोलन किया था।

खनिज पर सेस का हम भीख नहीं मांग रहे हैं, यह हमारा अधिकार है। इसके लिए हम कानूनी और राजनीतिक लड़ाई के लिए भी तैयार हैं। उनका इशारा एमएमडीआर संशोधन की ओर था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2050 में झारखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शुमार करने का लक्ष्य है। ऐसा होगा भी। कहा कि राजनीतिक कार्यों से उन्हें दिल्ली समेत दूसरे महानगरों में जाना पड़ता था।

देखता था कि धनाढ्य लोगों के घरों में काम करने वाली झारखंड की महिलाएं हैं। उनकी कोशिश है कि झारखंड की किसी महिला को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़े। उनका पलायन रूका भी है।

आज प्रदेश की 50 लाख महिलाओं को किसी न किसी तरीके से महीने में 10 हजार रुपये मिल रहे हैं। उन्होंने एक बार फिर कहा कि वर्ष 2,050 तक झारखंड को विकसित एवं अग्रणी राज्यों में खड़ा करने का लक्ष्य है।

उन्होंने कहा, अलग राज्य के लिए संघर्ष करने वाली पीढ़ी के कई क्रांतिकारी अगुआ, मार्गदर्शक अब हमारे बीच नहीं रहे हैं, लेकिन आज का 26वां स्थापना दिवस नई पीढ़ी एवं नौजवानों के लिए संकल्प लेने का दिन है।

अबुआ सरकार बनी तो सबके चेहरों पर मुस्कान आई

हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड बनने के बाद 20 वर्षों तक राजनीतिक उतार-चढ़ाव रहा है। अबुआ सरकार बनी तो धीरे धीरे सबके चेहरे पर मुस्कान आई है। सीबीएससी, आइसीएससी, जैक बोर्ड के टॉपर विद्यार्थियों को नकद राशि दी जा रही है। जाति, धर्म और वर्ग का कोई भेदभाव नहीं है।

कल्याण विभाग के छात्रावासों में अब भोजन का भी प्रबंध किया गया है। विद्यार्थियों को घर से राशन लाने की जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 12वीं के बाद उच्च शिक्षा में प्रवेश के समय आर्थिक कमी से जूझ रहे विद्यार्थियों को सहायता दी जा रही है।

साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मोबाइल और लैपटाप जैसी आवश्यक सुविधाएं भी सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही है।

संकोची हैं झारखंड के लोग, उनके बीच बनाई कार्ययोजना

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें झारखंड के लोगों का स्वभाव पता है। संकोची हैं। उन्हीं के साथ बैठ कर कार्ययोजना बनाई है। इतनी योजनाएं चल रही हैं कि बताया जाय तो सुबह से शाम हो जाएगी। आदिवासी और मूलवासी को मानसिक, आर्थिक और बौद्धिक रूप से मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं और करते रहेंगे।

समारोह में यह भी

- 5,941 करोड़ की कुल 823 योजनाओं का शिलान्यास हुआ।
- 3,155 करोड़ की कुल 820 योजनाओं का उद्धाटन किया गया।
- पुलिस पदाधिकारियों, जवानों को मुख्यमंत्री पदक एवं सराहनीय पुलिस पदक से नवाजा गया।
- विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरकारी सेवक पुरस्कृत हुए।
- पूरे झारखंड के खिलाड़ियों और कलाकारों को सम्मानित किया गया।
- जेल में रह रहे बंदियों के मानवीय व्यवहार से संबंधित ' द झारखंड प्रिजन जर्नल-2025' पुस्तिका का विमोचन किया गया। वहीं वन विभाग द्वारा निर्मित फिल्म ''अरण्य'' का कटेन रेजर की प्रस्तुति हुई।

यह भी पढ़ें- मंत्रियों को हटाया जाए, सरकार का बाहर से करें समर्थन; झारखंड कांग्रेस की गुप्त बैठक में जिलाध्यक्षों की मांग 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।