विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दुर्गा पूजा को लेकर झारखंड CM का सख्त निर्देश, दुरुस्त रहे कानून व्यवस्था; श्रद्धालुओं को न हो किसी तरह की परेशानी

Published: Wed, 07 Oct 2026 01:30 PM (IST)

सीएम हेमंत सोरेन ने रांची में दुर्गा पूजा समितियों से मुलाकात कर कानून व्यवस्था, बिजली, पानी, साफ-सफाई व यातायात दुरुस्त ...और पढ़ें

सीएम हेमंत सोरेन ने दुर्गा पूजा को लेकर दिए सख्त निर्देश।

सीएम हेमंत सोरेन ने दुर्गा पूजा को लेकर दिए सख्त निर्देश।

HighLights

  1. कानून व्यवस्था, बिजली, पानी, साफ-सफाई और यातायात दुरुस्त रखने के निर्देश।

  2. पूजा पंडालों में नशा मुक्ति जागरूकता के बैनर लगाने का सुझाव।

  3. प्रतिमा विसर्जन के लिए पर्यावरण अनुकूल कार्य योजना बनाने पर जोर।

राज्य ब्यूरो, रांची। सीएम हेमंत सोरेन से मंगलवार को कांके स्थित आवासीय कार्यालय में रांची के दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने मुलाकात की। सबने नवरात्रि में पूजा पंडालों में आकर सपरिवार माता रानी के दर्शन का सीएम से विनम्र अनुरोध किया जिसे उन्होंने स्वीकार किया। मुख्यमंत्री बोले कि पूरे झारखंड में दुर्गा पूजा में कानून व्यवस्था को दुरूस्त रखने का सख्त निर्देश दिया गया है। प्रशासनिक तंत्र से कहा गया कि बिजली, पानी, साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था आदि में किसी तरह की चूक नहीं होनी चाहिए।

कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हेमंत सोरेन से रांची की जिला और महानगर दुर्गा पूजा समिति के साथ शांति समिति के प्रतिनिधि मिले। मुख्यमंत्री को चुनरी, मां दुर्गा की प्रतिमा एवं गुलदस्ता देकर अभिवादन किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी तंत्र को कई बातों का ध्यान रखने को कहा गया है।

यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि पंडालों में मां दुर्गा के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो।

पंडालों में नशा मुक्ति पर जागरूकता का बैनर लगाना चाहिए

दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधियों से हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड को नशा मुक्त करने की जरुरत है। सरकार के साथ सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के लोग समन्वय के साथ काम करेंगे तभी नशा मुक्त झारखंड की परिकल्पना पूरी होगी। मुख्यमंत्री ने सुझाव दिया कि पूजा पंडालों में नशा मुक्ति जागरूकता हेतु होर्डिंग्स जरूर लगाएं। युवाओं से आग्रह करें कि किसी प्रकार के नशा का आदी न बने। नशा मुक्ति अभियान से जुड़ने का भरोसा देते पूजा समिति के प्रतिनिधि बोले कि नशा से दूर रहने के लिए अनाउंसमेंट भी किया जाएगा।

प्रतिमा विसर्जन के लिए पर्यावरण अनुकूल कार्य योजना की जरूरत

मुख्यमंत्री का कहना था कि आस्था और परंपरा को बनाए रखते हुए यह भी आवश्यक है कि मूर्ति विसर्जन का कार्य पर्यावरण अनुकूल हो। विसर्जन के बाद विभिन्न जलाशयों की स्थिति पर्यावरण के लिए चुनौती बन कर उभरती है।

राज्य सरकार और दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों को समन्वय बनाते हुए प्रतिमा विसर्जन के लिए पर्यावरण अनुकूल कार्य योजना बनानी चाहिए। सीएम का सुझाव था कि दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधि मिल कर इको फ्रेंडली तरीके की वैकल्पिक व्यवस्था के तहत आस्था और श्रद्धा के साथ विसर्जन करें। 

यह भी पढ़ें- दुर्गा पूजा पर रांचीवासियों को बड़ा तोहफा! पंडाल घूमने के लिए नगर निगम चलाएगा फ्री बस सेवा