1995 से दे रहे सेवा, धनबाद के 119 ठेका कर्मचारियों को हाईकोर्ट से राहत; नौकरी से हटाने पर रोक बरकरार
झारखंड हाई कोर्ट ने धनबाद स्थित सीआईएमएफआर के 119 ठेका कर्मचारियों को अंतरिम राहत दी है। अदालत ने सीजीआईटी को तीन माह में उनके नियमितीकरण विवाद पर फैसला सुनाने का निर्देश दिया और कर्मचारियों को हटाने पर लगी रोक बरकरार रखी।

झारखंड हाईकोर्ट की फाइल फोटो। (पोटो सोर्स- जागरण)
HighLights
हाई कोर्ट ने 119 ठेका कर्मचारियों को अंतरिम राहत दी।
सीजीआइटी को तीन माह में नियमितीकरण पर फैसला सुनाने का निर्देश।
राज्य ब्यूरो, रांची। हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस एमएस सोनक और जस्टिस मनोज प्रसाद की अदालत से धनबाद स्थित केंद्रीय खनन एवं ईंधन अनुसंधान संस्थान (सीएसआईआर-सीआईएमएफआर) में पिछले 25 से 30 वर्षों से ठेका पर कार्यरत 119 कर्मचारियों को अंतरिम राहत मिली है।
खंडपीठ ने कर्मचारियों के नियमितीकरण से जुड़े विवाद में केंद्रीय सरकार औद्योगिक न्यायाधिकरण (सीजीआइटी), धनबाद को तीन महीने के भीतर अंतिम फैसला सुनाने का निर्देश दिया है। अदालत ने कर्मचारियों को सेवा से हटाने और उनकी जगह आउटसोर्सिंग के माध्यम से नई नियुक्ति के लिए टेंडर जारी करने पर लगी रोक बरकरार रखा है।
खंडपीठ ने स्पष्ट किया कि सीजीआइटी के अंतिम अवार्ड सुनाने और इसकी सूचना संबंधित पक्षों को मिलने के बाद चार सप्ताह तक संस्थान में वर्तमान यथास्थिति बनी रहेगी। इस दौरान सीआइएमएफआर प्रबंधन और संबंधित ठेका एजेंसी मेसर्स शिवा प्रोटेक्शन फोर्स प्राइवेट लिमिटेड याचिकाकर्ता कर्मचारियों की सेवा समाप्त नहीं कर सकेंगे।
प्रबंधन इस अवधि में आउटसोर्सिंग के माध्यम से कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए नया टेंडर भी जारी नहीं कर सकेगा। कोर्ट ने यह अतिरिक्त समय इसलिए दिया है, ताकि ट्रिब्यूनल के फैसले से असंतुष्ट पक्ष को सक्षम न्यायालय में चुनौती देने और राहत प्राप्त करने का अवसर मिल सके।
1995 से संस्थान में काम कर रहे हैं कर्मचारी
मामले में राजेश तिवारी सहित 14 और मनबोध कुमार मंडल सहित 105 याचिकाकर्ताओं ने हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। याचिकाकर्ताओं ने 14 जुलाई 2023 को जारी टेंडर को चुनौती दी थी। उनका कहना था कि वे वर्ष 1995 से संस्थान में ठेका कर्मी के रूप में काम कर रहे हैं। उनके नियमितीकरण का मामला वर्ष 2006 से सीजीआईटी धनबाद में लंबित है।
कर्मचारियों का आरोप था कि ट्रिब्यूनल की अनुमति लिए बिना नया टेंडर जारी कर उनकी सेवा शर्तों में बदलाव करने और उन्हें हटाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे पहले 21 जनवरी 2025 को हाई कोर्ट की खंडपीठ ने अंतरिम आदेश पारित कर कर्मचारियों को हटाने और नया टेंडर जारी करने पर रोक लगा दी थी।
सुनवाई के दौरान अदालत को बताया गया कि सीजीआईटी ने 12 अक्टूबर को यह कहते हुए अवार्ड सुनाने की प्रक्रिया रोक दी थी कि हाई कोर्ट में इस मामले से संबंधित दो याचिकाएं लंबित हैं। खंडपीठ ने स्पष्ट किया कि याचिकाओं के लंबित रहने से ट्रिब्यूनल के अंतिम फैसला सुनाने में कोई कानूनी बाधा नहीं है। ट्रिब्यूनल हाई कोर्ट की किसी भी प्रारंभिक टिप्पणी से प्रभावित हुए बिना मामले के तथ्यों, कानून और गुण-दोष के आधार पर तीन महीने के भीतर अपना अवार्ड पारित करे।
प्रबंधन की दलील खारिज
सीआईएमएफआर प्रबंधन की ओर से अंतरिम आदेश वापस लेने के लिए हस्तक्षेप याचिका दायर की गई थी। प्रबंधन ने दलील दी थी कि संबंधित कर्मचारी संस्थान के सीधे कर्मचारी नहीं हैं, बल्कि ठेका एजेंसी के अधीन कार्यरत हैं। हाई कोर्ट ने कहा कि इन दलीलों पर पहले ही विचार किया जा चुका है। करीब ढाई दशक से संस्थान में काम कर रहे कर्मचारियों को इस स्तर पर हटाना उचित नहीं होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।