यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 17, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अब कबड्डी पर आया माही का दिल, टीम उतारने को तैयार
धौनी, नीता अंबानी व सलमान खान को टीम उतारने के लिए कुछ तकनीकी बाध्यताएं निपटानी शेष हैं।

जागरण संवाददाता, रांची। प्रो. कबड्डी की लोकप्रियता को देखते हुए भारतीय क्रिकेट टीम के सर्वश्रेष्ठ कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धौनी लीग के छठे संस्करण में टीम उतारने को तैयार हैं। धौनी के साथ-साथ अगले साल नीता अंबानी व सुपरस्टार सलमान खान भी टीम उतार सकते हैं। धौनी इससे पहले आइएसएल में चेन्नई फुटबॉल क्लब व हॉकी इंडिया लीग में रांची रेज के नाम से टीम उतार चुके हैं।
सूत्रों की मानें तो भारतीय कबड्डी संघ और प्रो कबड्डी लीग प्रबंधन से धौनी की एक दौर की बात हो चुकी है। धौनी जैसे सितारे के जुड़ने से कबड्डी लीग की लोकप्रियता और बढ़ेगी, इसे देखते हुए लीग प्रबंधन ने भी उन्हें जोड़ने का निर्णय ले लिया है।
सूत्रों ने बताया कि जिस तरह से बातें हुई हैं उसे देख यह तय है कि प्रो. कबड्डी लीग के अगले सत्र में रांची की टीम का खेलना लगभग तय है। अगले सत्र से प्रो कबड्डी लीग में टीमों की संख्या को बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। अभी इस लीग में 12 टीमें खेल रही हैं जो अगले वर्ष 16 हो जाएंगी। धौनी, नीता अंबानी व सलमान खान को टीम उतारने के लिए कुछ तकनीकी बाध्यताएं निपटानी शेष हैं।
सचिन ने भी ले रखी है टीम
प्रो कबड्डी लीग में पहले से ही तेलुगु तलइवा टीम से सचिन तेंदुलकर जुड़े हैं और इसका सकारात्मक प्रभाव प्रो कबड्डी लीग पर दिख रहा है। इनके अलावा अभिषेक बच्चन की टीम जयपुर पैंथर्स भी लीग खेल रही है।
यह भी पढ़ेंः मौसम विभाग ने जारी की बारिश और वज्रपात की चेतावनी
यह भी पढ़ेंः अलकायदा से जुड़े आतंकी कलीमुद्दीन के आवास की कुर्की
