रांची से बिहार जाने वाले यात्रियों की उमड़ी भीड़, ट्रेनों में टॉयलेट के रास्ते तक खड़े रहे यात्री
छठ महापर्व के लिए रांची रेलवे स्टेशन पर बिहार जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे ट्रेनों में अत्यधिक ...और पढ़ें

रांची से बिहार जाने वाले यात्रियों की उमड़ी भीड़ (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
छठ महापर्व पर बिहार जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़।
ट्रेनों में वेटिंग टिकट कंफर्म न होने से यात्रियों को परेशानी।
ट्रेवल एजेंटों ने कंफर्म टिकट के लिए अतिरिक्त पैसे वसूले।
जागरण संवाददाता, रांची। छठ महापर्व को लेकर रांची रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को भी बिहार जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ रही। नियमित ट्रेनों के साथ स्पेशल ट्रेनों में भी यात्रियों का दबाव देखने को मिला। सबसे अधिक परेशानी उन यात्रियों को हुई, जिनकी वेटिंग टिकट कंफर्म नहीं हो सकी थी।
घर पहुंचने की जल्दबाजी में लोग किसी तरह ट्रेन में जगह पाने की कोशिश करते दिखे। मौर्या एक्सप्रेस, रांची-इस्लामपुर एक्सप्रेस, रांची-गोड्डा एक्सप्रेस, रांची-वाराणसी इंटरसिटी और जनशताब्दी एक्सप्रेस में यात्रियों की जबरदस्त भीड़ रही। जनरल कोच में सीट नहीं मिलने पर लोगों को खड़े होकर सफर करना पड़ा।
स्थिति यह थी कि कोच में शौचालय जाने के रास्ते तक यात्रियों से भरे हुए थे। दूसरी तरफ हटिया से खुलकर रांची स्टेशन होते हुए चलने वाली ट्रेन के यात्री भीड़ से बचने के लिए हटिया स्टेशन का सहारा लिया, ताकि ट्रेन में चढ़ने में कोई परेशानी न हो।
वेटिंग टिकट कंफर्म नहीं, ट्रेवल एजेंटों का लिया सहारा
ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट के कारण यात्रियों को कंफर्म टिकट नहीं मिल पा रहा था। ऐसे में कई यात्रियों ने तत्काल टिकट और कंफर्म टिकट के लिए ट्रेवल एजेंटों का सहारा लिया।
यात्रियों से मिली जानकारी के अनुसार, कुछ ट्रेवल एजेंट एक टिकट पर 250 से 500 रुपये तक अतिरिक्त ले रहे थे। घर पहुंचने की मजबूरी में यात्री अतिरिक्त भुगतान करने को तैयार थे। तत्काल टिकट के लिए भी एजेंटों की मदद ली जा रही थी।
इस स्थिति ने टिकट की उपलब्धता और ट्रेवल एजेंटों की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं। रेलवे की ओर से ऐसे एजेंटों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई की जानकारी भी महत्वपूर्ण है।
15 स्पेशल ट्रेनों से थोड़ी राहत, फिर भी जनरल कोच में भीड़
छठ को देखते हुए रेलवे की ओर से 15 स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया गया है। इससे यात्रियों को थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाली ट्रेनों में भीड़ का दबाव बना रहा।
स्पेशल ट्रेनों के जनरल कोच में भी यात्रियों की काफी भीड़ रही। वेटिंग टिकट कंफर्म नहीं होने के बाद यात्रियों के सामने बस, टैक्सी और निजी वाहनों से सफर करने का विकल्प था।
हालांकि, सड़क मार्ग से जाने पर भी अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा था। खादगढ़ा बस स्टैंड पर बिहार जाने वाली बसों की मांग बढ़ने से किराये में अंतर की स्थिति भी सामने आई। यात्रियों को सामान्य दिनों की तुलना में अधिक किराया चुकाना पड़ रहा था।
रस्सी से कतार बनाकर यात्रियों को कराया गया प्रवेश
स्टेशन पर बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आरपीएफ की ओर से अतिरिक्त बल लगाया गया था। प्लेटफार्म पर रस्सी बांधकर यात्रियों को ट्रेन आने से कुछ मिनट पहले तक रोका जा रहा था। इसके बाद उन्हें कतारबद्ध तरीके से ट्रेन में चढ़ाया जा रहा था। बुजुर्ग यात्रियों को भी ट्रेन पर चढ़ने में मदद की जा रही थी।
हालांकि, ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही कई यात्री कतार तोड़कर कोच में चढ़ने की कोशिश करने लगते थे। सीट पाने की जल्दबाजी में व्यवस्था बनाए रखना आरपीएफ के लिए चुनौती बना रहा। स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा बल लगातार निगरानी कर रहे थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।