विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

माइनस दो डिग्री तापमान भी नहीं डिगा सका आस्था, लंदन में बिहारी-झारखंडी परिवारों ने शुरू किया छठ महापर्व

Published: Sat, 14 Nov 2026 09:48 AM (GMT+05:30)

लंदन में बसे बिहारी और झारखंडी परिवारों ने कड़ाके की ठंड के बावजूद नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व का अनुष्ठान ...और पढ़ें

लंदन में बिहारी-झारखंडी परिवारों ने शुरू किया छठ महापर्व

लंदन में बिहारी-झारखंडी परिवारों ने शुरू किया छठ महापर्व

HighLights

  1. लंदन में बिहारी-झारखंडी परिवारों ने नहाय-खाय से छठ महापर्व प्रारंभ किया।

  2. माइनस दो डिग्री तापमान में भी छठ व्रतियों की आस्था बरकरार।

  3. ब्रह्मऋषि मिशन में 2000 श्रद्धालु सामूहिक छठ महोत्सव मनाएंगे।

जागरण संवाददाता, रांची। सात समंदर पार, मौसम की सर्द हवाओं के बीच भी छठी मइया के प्रति आस्था की गर्माहट कम नहीं हुई है। लंदन में बसे बिहार और झारखंड के परिवारों ने शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व का अनुष्ठान शुरू कर दिया। 

बिहारी कनेक्ट यूके से जुड़ी 15 व्रती महिलाओं ने अपने-अपने घरों में विधि-विधान से पूजा की। अब सभी व्रती लंदन के ब्रह्मऋषि मिशन में एक साथ छठ के अगले अनुष्ठान पूरे करेंगी। संस्था की ओर से लगातार पांचवें वर्ष सामूहिक छठ महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

संस्था की अध्यक्ष डॉ. रानी ओमप्रकाश ने बताया कि नहाय-खाय के दिन सभी व्रतियों ने सुबह स्नान कर घर और रसोई की विशेष साफ-सफाई की। इसके बाद लौकी की सब्जी, चने की दाल और अरवा चावल का सात्विक भोजन तैयार किया गया। भोजन में लहसुन-प्याज का इस्तेमाल नहीं हुआ और सेंधा नमक तथा शुद्ध घी का प्रयोग किया गया। सबसे पहले छठी मइया और भगवान भास्कर को भोग लगाया गया। इसके बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया। यह अनुष्ठान खरना और निर्जला व्रत की तैयारी का पहला चरण है।

ठंड में भी नहीं डिगेगी आस्था

यूके में तापमान माइनस दो डिग्री तक पहुंचने की संभावना के बीच व्रती हेस्टन रोड स्थित ब्रह्मऋषि मिशन में जुटेंगी। 14 नवंबर को सामूहिक खरना, 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके बाद व्रती पारण करेंगी। 

संस्था से जुड़े संस्थापक डॉ. उदेश्वर सिंह ने बताया कि छठ महोत्सव में कैंट, रीडिंग, एसेक्स, ससेक्स और वेंबले समेत यूके के कई शहरों से करीब दो हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन में 25 वालंटियर सहयोग करेंगे। 

लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग के पदाधिकारी भी महोत्सव में शामिल होंगे। छपरा, रांची, बोकारो, आरा, गया, पटना, चंपारण, सहरसा और दरभंगा से जुड़ी व्रती महिलाएं इस सामूहिक अनुष्ठान में शामिल होकर अपनी सांस्कृतिक जड़ों और परंपरा को विदेश में भी जीवंत रख रही हैं।

यह भी पढ़ें- घाटों की भीड़ से बचने का नया जुगाड़! रांची में ₹100 से शुरू हो रहे हैं 'छठ वाले वाटर टब', छत पर ही दें अर्घ्य


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।