विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लंदन के साथ कनाडा में भी गूंजेगा छठी मइया का जयकारा, 25 हजार ठेकुआ से रचेगा इतिहास

Published: Wed, 11 Nov 2026 07:15 PM (IST)

कनाडा में बाजका समिति द्वारा छठ महापर्व का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसमें 25 हजार ठेकुआ बनाकर निःशुल्क ...और पढ़ें

कनाडा की मंत्री रिची वाल्डेज ने आयोजन को दिया समर्थन।

कनाडा की मंत्री रिची वाल्डेज ने आयोजन को दिया समर्थन।

HighLights

  1. कनाडा में बाजका समिति द्वारा छठ महापर्व का भव्य आयोजन।

  2. 25 हजार ठेकुआ बनाकर श्रद्धालुओं में निःशुल्क वितरण का लक्ष्य।

  3. कनाडाई मंत्री रिची वाल्डेज ने आयोजन को दिया समर्थन।

अमित सिंह, रांची। सात समंदर पार कनाडा की धरती पर भी छठी मइया के जयकारे गूंजेंगे। वातावरण में पारंपरिक छठ गीतों की मिठास घुलेगी और प्रसाद में बिहार-झारखंड की सांस्कृतिक पहचान ठेकुआ की खुशबू बिखरेगी। लोक आस्था के महापर्व छठ को विदेश में जीवंत रखने के लिए कनाडा की बाजका (बीएजेसीसीए) समिति ने व्यापक तैयारी की है।

इस वर्ष 25 हजार ठेकुआ तैयार कर श्रद्धालुओं के बीच निश्शुल्क वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है। समिति इसे कनाडा में अपनी तरह का ऐतिहासिक आयोजन बता रही है। बता दें कि इस बार लंदन में भी बड़े स्तर पर छठ पर्व का आयोजन किया जा रहा है।

विदेश में भी अपनी मिट्टी की खुशबू

रोजगार और बेहतर भविष्य की तलाश में विदेशों में बसे भारतीय अपनी संस्कृति और परंपराओं को नहीं भूले हैं। छठ महापर्व इसका जीवंत उदाहरण है। कनाडा में रहने वाले बिहार, झारखंड और पूर्वांचल के परिवार सामूहिक रूप से छठ मनाकर नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ रहे हैं।

छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति, सूर्य, जल और जीवन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है। इसमें स्वच्छता, संयम, अनुशासन और सामूहिक सहयोग का विशेष महत्व है।

25 हजार ठेकुआ में समाएगी आस्था और परंपरा

छठ पूजा में ठेकुआ का विशेष धार्मिक महत्व है। गेहूं के आटे, गुड़ अथवा चीनी और घी से तैयार यह पारंपरिक प्रसाद छठी मइया को अर्पित किया जाता है।

कनाडा में 25 हजार ठेकुआ तैयार करने की पहल केवल प्रसाद वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से प्रवासी भारतीय अपनी मिट्टी की परंपरा को जीवंत रखने का संदेश भी देंगे। इतनी बड़ी मात्रा में ठेकुआ तैयार करना और श्रद्धालुओं तक पहुंचाना समिति के लिए बड़ी जिम्मेदारी होगी।

आयोजन को सफल बनाने में जुटे समिति के सदस्य

छठ महापर्व को भव्य और व्यवस्थित बनाने में बाजका समिति के मनोज सिंह, रजनी सिंह, दिलीप महतो, रेणु महतो, आशुतोष पांडेय, नीलम पांडेय, अमित कुमार, ज्योत्सना, विकास कुमार और जय माला सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। समिति के सदस्य पूजा की तैयारियों, श्रद्धालुओं की सुविधा, प्रसाद वितरण और सामूहिक सहभागिता को लेकर जुटे हैं।

कनाडा की मंत्री के समर्थन से बढ़ा उत्साह

कनाडा की मंत्री रिची वाल्डेज ने छठ पूजा के आयोजन को समर्थन दिया है। बाजका परिवार ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया है। समिति का मानना है कि ऐसे आयोजनों से भारतीय समुदाय के बीच एकता बढ़ती है और कनाडा के बहुसांस्कृतिक समाज में भारतीय परंपराओं को नई पहचान मिलती है।

इस संबंध में भारतीय मूल के कनाडा निवासी, रांची के रहने वाले अंकित श्रीवास्तव ने बताया कि कनाडा के मिसिसागा स्थित हिंदू हेरिटेज सेंटर में 13 से 16 नवंबर तक चार दिवसीय छठ महापर्व आयोजित होगा। इसमें एक हजार से अधिक परिवारों को जोड़ने की तैयारी है। समिति का दावा है कि यह उत्तरी अमेरिका के सबसे बड़े सामूहिक छठ आयोजनों में शामिल होगा। नि:शुल्क 25 हजार ठेकुआ वितरण की तैयारी है।

कनाडा में चार दिनों तक छठ महापर्व

  • आयोजक : बाजका (बीएजेसीसीए) समिति, कनाडा
  • आयोजन स्थल : हिंदू हेरिटेज सेंटर, मिसिसांगा, कनाडा
  • 13 नवंबर 2026 : नहाय-खाय, निश्शुल्क प्रीति भोज
  • 14 नवंबर 2026 : खरना पूजा
  • 15 नवंबर 2026 :संध्या अर्घ्य
  • 16 नवंबर 2026 : उषा अर्घ्य

विशेष आकर्षण : 25 हजार ठेकुआ तैयार कर निश्शुल्क प्रसाद वितरण।
सहभागिता: एक हजार से अधिक परिवार।
विशेष सुविधा : व्रती बनने अथवा सूप-कोसी अर्पित करने के इच्छुक श्रद्धालु समिति से संपर्क कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें- लंदन में गूंजेगी छठी मइया की जयकार, महापर्व में शामिल होंगे बिहार-झारखंड के 2000 लोग; पटना से मंगाई गई पूजा सामग्री

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।