विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लंदन में गूंजेगी छठी मइया की जयकार, महापर्व में शामिल होंगे बिहार-झारखंड के 2000 लोग; पटना से मंगाई गई पूजा सामग्री

Published: Mon, 09 Nov 2026 08:10 PM (IST)

लंदन में पांचवें साल सामूहिक छठ महापर्व का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बिहार-झारखंड के करीब दो हजार लोग ...और पढ़ें

पटना से मंगाई गई पूजा सामग्री, सात हजार से अधिक ठेकुआ बनाकर बांटेंगे।

पटना से मंगाई गई पूजा सामग्री, सात हजार से अधिक ठेकुआ बनाकर बांटेंगे।

HighLights

  1. लंदन में पांचवें साल सामूहिक छठ महापर्व का आयोजन।

  2. पटना से मंगाई गई विशेष पूजा सामग्री, सात हजार ठेकुआ।

  3. बिहार-झारखंड के करीब दो हजार लोग होंगे शामिल लंदन में।

अनुज तिवारी, रांची। सात समंदर पार लंदन में छठी मइया की जयकार गूंजेगी। बिहार और झारखंड की मिट्टी से जुड़ी आस्था और परंपरा को विदेश में जीवंत रखने के लिए यूनाइटेड किंगडम में लगातार पांचवें साल सामूहिक छठ महापर्व का आयोजन किया जा रहा है।

इस बार 15 व्रती पूरे नियम-निष्ठा के साथ निर्जला उपवास रखकर भगवान भास्कर और छठी मईया की आराधना करेंगे। तीन दिवसीय इस आयोजन में लंदन और आसपास के शहरों में बसे बिहार-झारखंड के करीब दो हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

आयोजन की तैयारी बिहारी कनेक्ट यूके ने शुरू कर दी है। संस्था का प्रयास है कि विदेश में रहने वाले लोगों को छठ के दौरान अपने गांव और घर जैसा माहौल मिल सके। लंदन में बिहार और झारखंड के लोगों के लिए छठ महापर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि अपनी जड़ों और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े रहने का माध्यम भी है।

व्रत के कठिन नियम, पारंपरिक पूजा सामग्री, लोकगीत, प्रसाद और सामूहिक अर्घ्य के जरिये नई पीढ़ी को भी इस पर्व की परंपराओं से जोड़ने की तैयारी है। यूके के मौसम और वहां की दिनचर्या के बीच 15 व्रतियों का निर्जला उपवास और चार दिनों की पारंपरिक पूजा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण होगी।

पटना से मंगाई गई पूजा सामग्री, व्रतियों को मिलेगी साड़ी और लहठी

संस्था के संस्थापक ट्रस्टी डा. उदेश्वर कुमार सिंह ने बताया कि यूके में छठ पूजा के लिए पारंपरिक सामग्री जुटाना बड़ी चुनौती होती है। इस बार पीतल का दौरा, सूप, दीया, थाली सहित अन्य पूजन सामग्री पटना से मंगाई गई है।

संस्था की ओर से सभी व्रतियों को पूजा सामग्री के साथ दो साड़ी, दो ब्लाउज और लहठी भी उपलब्ध कराई जाएगी। उद्देश्य है कि छठ का पारंपरिक स्वरूप और बिहार-झारखंड की सांस्कृतिक पहचान उसी भाव के साथ बनी रहे, जैसा लोग अपने गांव और घरों में देखते आए हैं।

इस आयोजन में महिलाओं की ओर से सामूहिक रूप से सात हजार से अधिक ठेकुआ तैयार किए जाएंगे। इन्हें आयोजन में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ यूके के दूर-दराज के शहरों में रहने वाले बिहार और झारखंड के परिवारों तक भी पहुंचाया जाएगा। व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ अर्घ्य स्थल, सुरक्षा, प्रसाद और अन्य व्यवस्थाओं की योजना बनाई गई है।

14 को खरना, 15 को संध्या और 16 को उषा अर्घ्य

तीन दिवसीय सामूहिक छठ पूजा का आयोजन लंदन के ब्रह्मऋषि मिशन, हेस्टन रोड, हौंस्लो में होगा। 13 नवंबर को सभी व्रती अपने-अपने घरों में नहाय-खाय करेंगे। 14 नवंबर को सामूहिक खरना और लोहंडा होगा। 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा। वहीं, 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद पारन के साथ व्रत संपन्न होगा।

आयोजन में कैंट, रीडिंग, एसेक्स, ससेक्स और वेंबले सहित आसपास के शहरों से करीब दो हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं के लिए निश्शुल्क भोजन, नाश्ता और चाय की व्यवस्था रहेगी। बच्चों के लिए खेलकूद, पेंटिंग और सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित होंगी। संस्था के 25 वालंटियर आयोजन की अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालेंगे।

2017 में हुई थी संस्था की स्थापना

बिहारी कनेक्ट यूके लंदन में पंजीकृत संस्था है। इसकी स्थापना अक्टूबर 2017 में पटना के डा. उदेश्वर कुमार सिंह और रांची के हिनू निवासी कैप्टन ओम प्रकाश ने की थी। राजीव सिंह, विजय राय और डा. बीरेंद्र राय भी संस्थापक ट्रस्टी के रूप में जुड़े हैं।

कैप्टन ओम प्रकाश के अनुसार, संस्था से यूके में बसे बिहार और झारखंड के करीब 1500 परिवार जुड़े हुए हैं। संस्था हर साल होली, बिहार दिवस, झारखंड दिवस, लिट्टी पार्टी ऑन सीबीच और सामूहिक छठ पूजा का आयोजन करती है।

लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग के कार्यक्रमों में भी संस्था की भागीदारी रहती है। इस वर्ष के आयोजन के लिए डा. रानी ओमप्रकाश को अध्यक्ष और पवन कुमार गुप्ता को उपाध्यक्ष बनाया गया है। अमित कुमार शर्मा वित्त सचिव, अरुण कुमार सदस्यता सचिव, अभिषेक आनंद आइटी सचिव, अभिषेक वर्मा सांस्कृतिक सचिव, श्रीपन्ना मिश्रा सामुदायिक मामलों की सचिव और खुशबू सिन्हा पीआर एवं सोशल मीडिया सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगी।

विकास कुमार राय सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रकाश कुमार आइटी तथा अमर कुमार और रवि कुमार भोजन एवं कैटरिंग की व्यवस्था देखेंगे। संस्था के संस्थापक ट्रस्टियों का कहना है कि विदेश में छठ का आयोजन केवल पूजा तक सीमित नहीं है। यह आने वाली पीढ़ियों को अपनी भाषा, परंपरा, लोकसंस्कृति और जन्मभूमि से जोड़ने का प्रयास भी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।