आज भी पूरा नहीं हुआ है चंद्रशेखर आजाद का सपना
ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट आर्गेनाइजेशन रांची जिला इकाई की ओर से चंद्रशेखर आजाद का शहादत दिवस मनाया गया। एआइडीएसओ के प्रदेश कोषाध्यक्ष सोहन महतो ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद ने जो आजाद भारत का सपना देखा था वह आज भी पूरा नहीं हुआ है।
रांची,जासं। ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट आर्गेनाइजेशन (एआइडीएसओ) रांची जिला इकाई की ओर से चंद्रशेखर आजाद का शहादत दिवस मनाया गया। एआइडीएसओ के प्रदेश कोषाध्यक्ष सोहन महतो ने उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आजाद ने जो आजाद भारत का सपना देखा था, वह आज भी पूरा नहीं हुआ है। आज भी समाज में छात्र नौजवान मजदूर किसानों पर शोषण अत्याचार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आजाद की तस्वीर पर सिर्फ माल्यार्पण करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि नहीं होगी। उनके दिखाए रास्ते पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। आज के छात्र नौजवानों को उनके दिखाए रास्ते पर चलना आज वक्त की पुकार है। गरीबों और महिलाओं पर शोषण अत्याचार बढ़ रहा है। इसलिए आज उनके जीवन संघर्षों और आदर्शों से युवाओं को सीख लेने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में जिला सचिव श्यामल माझी, जुलियस फुचिक, शुभम झा, सुधांशु, प्रियतमा, गुड़िया सुमन महतो उपस्थित थे।