Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    चंपई सोरेन का 'गेम' बिगाड़ेंगे CM हेमंत, विधानसभा चुनाव से पहले चल दी एक और चाल; सियासी पारा हाई

    हेमंत सोरेन ने भाजपा के षड्यंत्रों का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं को कमर कसने को कहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राजनीतिक गिद्ध झारखंड में मंडरा रहे हैं और इनके षड्यंत्र का जवाब देना है। सोहराई भवन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि झारखंड वीरों और क्रांतिकारियों की धरती है और हमें मिलकर भाजपा के दुष्प्रचार का जवाब देना है।

    By Pradeep singh Edited By: Rajat Mourya Updated: Fri, 20 Sep 2024 07:22 PM (IST)
    Hero Image
    भाजपा के षड्यंत्रों का जवाब देने के लिए कमर कसें, हेमंत सोरेन का कार्यकर्ताओं से आह्वान

    राज्य ब्यूरो, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया है। शुक्रवार को कोल्हान और पलामू प्रमंडल से आए पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने ललकारा। बता दें कि उनके पूर्व सहयोगी चंपई सोरेन भी कोल्हान क्षेत्र से आते हैं। वह अब बीजेपी के साथ हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सोहराई भवन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भाजपा के राजनीतिक गिद्ध झारखंड में मंडरा रहे हैं। इनके षड्यंत्र का जवाब देना है। कार्यकर्ता कमर की पेट बांध लें।

    उन्होंने राज्य की समृद्ध विरासत का हवाला देते हुए कहा कि झारखंड वीरों और क्रांतिकारियों की माटी है। हमें मिलकर भाजपा के दुष्प्रचार का जवाब देना है। भाजपा के झूठ और फरेब, तथा समाज तोड़ने के षड्यंत्र का मिलकर मुंहतोड़ जवाब देना है।

    'जब-जब झारखंड को झुकाने का प्रयास किया गया...'

    हेमंत सोरेन ने कहा कि हमें इन्हें याद दिलाना है कि जब-जब झारखंड को झुकाने का प्रयास किया गया है, तब-तब अपने वीर पुरखों के शहादत एवं दिशोम गुरु और उनके असंख्य क्रांतिकारी साथियों के संघर्ष से प्रेरणा लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने षड्यंत्रकारियों को करारा जवाब दिया है।

    पिछले साढ़े चार वर्ष में अबुआ सरकार ने भाजपा के हर षड्यंत्र का जवाब दिया है। एजेंसियों से लड़ते हुए हर वर्ग को अनेकों लोक कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का काम किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आपका इस बेटे-भाई के नेतृत्व में अबुआ सरकार ने राज्य की करोड़ों माताओं, बहनों और बेटियों को मान, सम्मान और स्वाभिमान के साथ हक-अधिकार देने का काम किया है। यह प्रयास निरंतर आगे बढ़ता रहेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भावुक अपील करते हुए कहा कि भाजपा के इन षड्यंत्रकारियों को जवाब देने के लिए कमर की पेटी बांध लीजिए। इसका वक्त आ गया है।

    झामुमो की मंइयां सम्मान यात्रा होगी आरंभ

    झारखंड मुक्ति मोर्चा मंइयां सम्मान यात्रा आरंभ करेगा। शुक्रवार को कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में इसकी भी रणनीति बनाई गई। यात्रा पूरे राज्य के सभी 81 विधानसभा क्षेत्र का भ्रमण करेगा। यात्रा आरंभ होने की तिथि जल्द घोषित की जाएगी। यात्रा की कमान विधायक कल्पना सोरेन समेत पार्टी की महिला नेत्रियों के हाथ में होगी।

    झामुमो महासचिव विनोद पांडेय ने बताया कि प्रस्तावित यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं के सुझाव लिए गए हैं। इसका रूट चार्ट तैयार कर लिया गया है। शीर्ष नेतृत्व की सहमति के बाद इसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी।

    ये भी पढ़ें- BJP Parivartan Yatra: 'घुसपैठियों को उल्टा लटकाकर सीधा कर देंगे', साहिबगंज में गरजे अमित शाह, हेमंत सरकार पर बोला हमला