CCL तोपा प्रोजेक्ट का काम ठप करने का अल्टीमेटम, रामगढ़ में 18 नवंबर से शुरू होगा आंदोलन
सीसीएल तोपा परियोजना के रैयत और विस्थापित ग्रामीणों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रबंधन के खिलाफ 18 नवंबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी दी है।
-1794857864542_m.webp)
एआई से बनाई गई तस्वीर
HighLights
तोपा परियोजना के ग्रामीण 18 नवंबर से करेंगे आंदोलन।
प्रबंधन को 17 नवंबर तक मांगों पर कार्रवाई का अल्टीमेटम।
स्थानीय रोजगार, मुआवजा, बुनियादी सुविधाएं प्रमुख मांगें।
संवाद सूत्र, कुजू (रामगढ़)। सीसीएल तोपा परियोजना के पूर्ण रैयत, विस्थापित एवं प्रभावित ग्रामीणों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर परियोजना प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने प्रबंधन को आवेदन सौंपकर 17 नवंबर तक मांगों का समाधान करने का अल्टीमेटम दिया है।
निर्धारित समय सीमा तक मांगें पूरी नहीं होने पर 18 नवंबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने और परियोजना का कामकाज पूरी तरह ठप करने की चेतावनी दी है।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगों में रोड सेल के कोयले का उठाव हाइवा के बजाय डाला गाड़ी से कराने, आरआर साइट पर वंचित ग्रामीणों को बिजली, पानी एवं सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने, आउटसोर्सिंग कंपनियों में 75 प्रतिशत स्थानीय लोगों को रोजगार देने तथा जमीन के बदले नौकरी एवं उचित मुआवजा जल्द देने की मांग शामिल है।
ग्रामीणों ने आवेदन में बताया है कि मंगरदाहा, बनवार, गोया, दूधमटिया, झुमरा एवं ओरला सहित अन्य प्रभावित गांवों के लोगों ने पूर्व में भी अपनी समस्याओं को लेकर प्रबंधन को मांग पत्र सौंपा था। इसको लेकर 15 अक्टूबर को तोपा परियोजना कार्यालय में वार्ता हुई थी।
इसमें प्रबंधन ने मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए समाधान का आश्वासन दिया था। बावजूद इसके अब तक किसी भी मांग पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार आश्वासन मिलने के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं होना प्रबंधन की उदासीनता को दर्शाता है। इससे प्रभावित परिवारों में असंतोष गहराता जा रहा है।
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। मांगों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन के दौरान उत्पन्न स्थिति की जिम्मेदारी परियोजना प्रबंधन की होगी।
मौके पर राजेश्वर गंझू, इलियास मियां, रामभजन लाल महतो, ज्योतेंद्र प्रसाद, गोपेश्वर करमाली, विनोद कुमार, गिरधारी लाल बेसरा एवं अहमद अली सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- झारखंड में कांग्रेस विधायक पर यौन शोषण का आरोप, बीजेपी के साथ JMM ने भी की जांच की मांग