विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची में छठ पर सफाई के लिए तैनात होंगे 407 मजदूर, वेंडिंग जोन में शिफ्ट होंगे फुटपाथ दुकानदार

Published: Wed, 04 Nov 2026 07:00 AM (IST)

रांची नगर निगम ने छठ महापर्व सहित आगामी त्योहारों के लिए सफाई अभियान तेज किया है, जिसमें मुख्यमंत्री श्रमिक योजना के 407 श्रमिकों को लगाया जाएगा।

छठ पर सफाई के लिए तैनात होंगे 407 मजदूर (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

छठ पर सफाई के लिए तैनात होंगे 407 मजदूर (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

जागरण संवाददाता, रांची। छठ महापर्व समेत आगामी त्योहारों को देखते हुए रांची नगर निगम सफाई अभियान को तेज करेगा। इसके लिए मुख्यमंत्री श्रमिक योजना के तहत निबंधित 407 श्रमिकों को विभिन्न स्वच्छता कार्यों में लगाया जाएगा। इन श्रमिकों की सेवाएं छठ घाटों के अलावा वेंडिंग जोन, नदियों, बड़े नालों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई में भी ली जाएंगी। 

नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने मंगलवार को दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिया।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि निगम के नियमित श्रमिकों और मुख्यमंत्री श्रमिक योजना के तहत निबंधित श्रमिकों के कार्यों में दोहराव नहीं होना चाहिए। सभी श्रमिकों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपकर उनसे नियमित रूप से काम लिया जाए। छठ के बाद सोहराय और गुरुनानक जयंती को देखते हुए भी सफाई व्यवस्था मजबूत रखने का निर्देश दिया गया।

मोरहाबादी के सब्जी विक्रेता वेंडिंग जोन में होंगे शिफ्ट

शहर में फुटपाथ दुकानदारों को व्यवस्थित करने के लिए मोरहाबादी रजिस्ट्री कार्यालय के पास विकसित वेंडिंग जोन का इस्तेमाल किया जाएगा। यहां मोरहाबादी में लगने वाले साप्ताहिक हाट के सब्जी विक्रेताओं को अस्थायी रूप से शिफ्ट किया जाएगा। इसके अलावा कचहरी चौक से नागा बाबा खटाल तक के डाभ विक्रेताओं को भी चरणबद्ध तरीके से वेंडिंग जोन के निर्धारित हिस्से में जगह दी जाएगी।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि फल और सब्जी विक्रेताओं से किसी प्रकार की अवैध वसूली नहीं होनी चाहिए। ऐसी शिकायत मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

पांच नए स्थलों पर विकसित होंगे लेबर चौक

बैठक में बताया गया कि डोरंडा बाजार, स्वर्गीय दुर्गा सोरेन चौक और हज हाउस के पास लेबर चौक की व्यवस्था तैयार है। अन्य पांच स्थलों पर भी इसे विकसित करने की प्रक्रिया चल रही है। नगर आयुक्त ने निर्माणाधीन लेबर शेड का काम जल्द पूरा करने और श्रमिकों को इनका उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया।

ठंड से बचाव के लिए बनेंगे अस्थायी आश्रय गृह

सर्दी को देखते हुए नगर निगम अपने सभी मौजूदा आश्रय गृहों को दुरुस्त करेगा। इनमें जरूरत के अनुसार सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही निराश्रित और जरूरतमंद लोगों को ठंड से बचाने के लिए पिछले वर्ष की तरह अस्थायी आश्रय गृह भी बनाए जाएंगे। इसके लिए उपयुक्त स्थलों का चयन जल्द करने का निर्देश दिया गया है।

यह भी पढ़ें- धनबाद से दुर्ग-बरौनी स्पेशल ट्रेन: दिवाली-छठ पर यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।