विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड अवैध वेतन निकासी घोटाला: मास्टरमाइंड कौशल पांडेय SIT की रिमांड पर, ₹11 करोड़ के फ्रॉड का खुलासा

Published: Wed, 20 May 2026 12:29 PM (IST)

सीआईडी की विशेष जांच टीम ने बोकारो कोषागार से 11 करोड़ रुपये की अवैध वेतन निकासी के मास्टरमाइंड सिपाही कौशल पांडेय को तीन दिनों की रिमांड पर लिया है।

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, रांची। जिलो के कोषागार से अवैध वेतन निकासी मामले की जांच कर रही सीआइडी की विशेष जांच टीम (एसआइटी) ने बोकारो के एसपी कार्यालय के लेखा शाखा में कार्यरत सिपाही कौशल पांडेय को तीन दिनों की रिमांड पर लिया है।

कौशल पांडेय को बोकारो पुलिस ने ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था। इस मामले में पहले बोकारो स्टील सिटी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। बाद में सीआइडी ने इसे टेकओवर करते हुए जांच को अपने अधीन ले लिया था।

अवैध वेतन निकासी मामले की जांच के लिए सीआइडी के एडीजी ने आइजी पंकज कंबोज के नेतृत्व में वरिष्ठ आइपीएस अधिकारियों की विशेष जांच टीम गठित कर रखी है जो पूरे मामले की जांच कर रही है।

कौशल पांडेय बोकारो कोषागार से करीब 11 करोड़ रुपये के अवैध वेतन निकासी मामले का मास्टरमाइंड है। उसने एक सोंची समझी साजिश के तहत यह घोटाला किया और सरकारी राशि की निकासी की।

एसआईटी उसके जालसाजी के तरीके की जानकारी ले रही है, यह भी जानने की कोशिश में है कि उसने इतनी बड़ी राशि को निकालने में कौन-कौन सा हथकंडा अपनाया। कैसे फर्जी बिल तैयार की, कंप्यूटर से कैसे फर्जी बिल तैयार कर राशि हस्तांतरित करने के बाद मिटा दिया और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों-पदाधिकारियों के नाम पर अस्थाई खाता बनाकर राशि की निकासी की।

कौशल पांडेय ने सरकारी राशि की निकासी के बाद उसे कई खातों में ट्रांसफर किया। अगले दो दिन में एसआइटी उससे यह भी सवाल करेगी कि उसने राशि कहा व किन लोगो को भेजा।

उसके इस कार्य में विभाग के कौन से अधिकारी ने सहयोग किया। उसने अवैध कमाई से कहां-कहां चल-अचल संपत्ति बनाई। उसने जिनके खाते में रुपये भेजे, उनसे नकद में कितनी वापस ली। इन सभी बिंदुओं पर पूछताछ जारी है।

बोकारो अब तक चार आरोपित भेजे जा चुके हैं जेल

बोकारो से अवैध वेतन निकासी मामले में अब तक चार आरोपित जेल भेजे जा चुके हैं। इनमें कौशल पांडेय को बोकारो पुलिस ने जेल भेजा था। इसके अलावा तीन अन्य को एसआइटी ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

सीआईडी की एसआइटी ने जिन तीन आरोपितों को जेल भेजा था, उनमें कौशल पांडेय के सहयोगी एएसआई अशोक कुमार भंडारी, गृह रक्षक सतीश कुमार व सिपाही काजल मंडल शामिल थे। सभी आरोपित न्यायिक हिरासत में हैं।

यह भी पढ़ें- झारखंड ट्रेजरी घोटाला: ओटीपी के खेल से उड़ाई करोड़ों की सैलरी, सीआईडी जांच में खुला 'डीडीओ' के मोबाइल का राज