RIMS में खुला कंबल बैंक, अब मरीज के परिजन भी ले सकेंगे कंबल Ranchi News
रिम्स में पहले सिर्फ मरीजों को कंबल मिलता था लेकिन अब अब 200 रुपये सिक्यूरिटी मनी देकर परिजन भी ले सकेंगे कंबल। इस्तेमाल के बाद कंबल लौटाने पर जमा राशि वापस मिलेगी।
रांची, जासं। रिम्स में भर्ती मरीज व उनके परिजनों को ठंड से बचाने के लिए रिम्स प्रबंधन की ओर से गुरुवार को कंबल बैंक की शुरुआत की गई। कंबल बैैंक सेंट्रल इमरजेंसी के सामने दवा वितरण केंद्र के बगल में है। रिम्स निदेशक डॉ. डीके सिंह व अधीक्षक डॉ. विवेक कश्यप ने इसकी शुरुआत की। उद्घाटन के बाद से ही बैंक में कंबल के लिए लंबी कतार लग गई। पहले दिन करीब 150 कंबल परिजनों को दिए गए। परिजनों से कंबल के बदले सिक्यूरिटी चार्ज के रूप में 200 रुपये भी लिए गए। कंबल लौटाने पर जमा की गई सिक्यूरिटी राशि को वापस लौटा दिया जाएगा। अभी 650 कंबल है, जिनमें 200 कंबल रिम्स प्रबंधन की ओर से दिये गये हैैं। 200 कंबल समाजसेवी ज्योति शर्मा ने दिये हैैं और 250 कंबल प्रेमसंस की ओर से दिए गए हैैं।
रिम्स निदेशक डॉ. डीके सिंह ने कहा कि ठंड के दिनों में कई सामाजिक संस्थाओं की ओर से कंबल बांटा जाता है। लेकिन उसका इस्तेमाल सिर्फ वही करता है जिसे वह मिला हो। डिस्चार्ज के समय परिजन उसे अपने साथ ले जाते है। इसी को देखते हुए परिजनों के लिए रिम्स परिसर में कंबल बैंक की स्थापना की गई है। इससे अस्पताल में परिजनों के लिए कंबल की उपलब्धता हमेशा बनी रहेगी।
रिम्स निदेशक डॉ. सिंह ने बताया कि मरीजों की संख्या बढऩे पर कंबल की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी कंबल सीआइएसएफ, बीएसएफ और रिम्स में मौजूद सुरक्षा गार्ड के निगरानी में रहेंगे। रिम्स प्रबंधन द्वारा इसका संचालन बेहतर ढंग से नहीं होगा तो इसके लिए रिम्स प्रबंधन सामाजिक संस्थाओं की मदद ले सकता है।
यह भी पढ़ें-Cold Weather in Jharkhand: झारखंड में कड़ाके की ठंड, 24 घंटे में 6 लोगों की मौत