Cold Weather in Jharkhand: झारखंड में कड़ाके की ठंड, 24 घंटे में 6 लोगों की मौत
Cold Weather in Jharkhand झारखंड में कनकनी और ठंड का कहर जारी है। राज्य के अलग-अलग जगहों पर कड़कड़ाती ठंड की वजह से छह लोगों की मौत हो गई।
रांची, जेएनएन। Cold Weather in Jharkhand राज्य में ठंड का कहर जारी है। गुरुवार को अलग-अलग जिलों में कड़कड़ाती ठंड की वजह से छह लोगों की सांस थम गई। मरने वालों में दो धनबाद और एक-एक कोडरमा, गिरिडीह, चतरा और बोकारो के हैं।
कहां किसकी हुई मौत
धनबाद के दक्षिणी टुंडी के बेगनारिया निवासी समरू महतो (70 वर्ष) बुधवार तक ठीक थे। परिजनों के अनुसार वे शाम को तालाब गए हुए थे। वहां से लौटने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई, परिजनों ने घरेलू उपचार किया लेकिन उन्हें बचा नहीं पाए। पश्चिमी टुंडी के पलमा में बेटी के घर आई सुकुरमुनी मंझियान (59 वर्ष) की ठंड से मौत हो गई। चिकित्सक ने ठंड से मौत की पुष्टि की है।
कोडरमा
जिला मुख्यालय से दो किलोमीटर दूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बड़कीबागी में बुधवार की शाम महेंद्र यादव (30 वर्ष) की ठंड लगने से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार तबीयत बिगडऩे के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था लेकिन उन्हें डॉक्टर बचा नहीं पाए।
चतरा
प्रतापपुर प्रखंड के घोड़दौड़ पंचायत के हरहद गांव निवासी रमेश यादव (55 वर्ष) की मौत गुरुवार को ठंड लगने से हो गई। परिजनों ने बताया कि बुधवार को वे बाजार से लौट रहे थे। तभी कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गए। इससे उनकी तबियत खराब हो गई। गुरुवार की सुबह तबियत और बिगडऩे लगी। परिजन अस्पताल ले जा रहे थे। रास्ते में उनकी मौत हो गई।
बोकारो
गोमिया प्रखंड की लोधी पंचायत अंतर्गत तिसरी ग्राम की बच्ची पायल कुमारी (2) की मौत ठंड से गुरुवार को मौत हो गई।
गिरिडीह
रेम्बा स्थित श्री दुर्गा जी प्राथमिक संस्कृत सह मध्य विद्यालय में संस्कृत शिक्षक के पद पर कार्यरत श्यामसुंदर द्विवेदी (59 वर्ष) का निधन गुरुवार को हो गया। उन्हें ठंड लग गई थी।
यह भी पढ़ें-Jharkhand Weather Update: बारिश, धुंध और कोहरे में लिपटी रही रांची, आज भी छाए रहेंगे बादल