बिरसा मुंडा की जयंती पर BJP की पदयात्रा पूरी, 3 दिनों में 73 किलोमीटर का सफर कर समाधि स्थल पहुंचे कार्यकर्ता
भाजपा ने भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर तीन दिवसीय राष्ट्रीय जनजातीय गौरव पदयात्रा का समापन किया। खूंटी के ...और पढ़ें

पदयात्रा में शामिल बीजेपी नेता। फोटो जागरण
HighLights
भाजपा ने बिरसा मुंडा की जयंती पर पदयात्रा की।
खूंटी से रांची तक 73 किलोमीटर की यात्रा पूरी हुई।
हजारों कार्यकर्ताओं ने जनजातीय संस्कृति का प्रदर्शन किया।
राज्य ब्यूरो, रांची। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस पर भाजपा ने रविवार को धरती आबा बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की ओर से आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय जनजातीय गौरव पदयात्रा का कोकर स्थित बिरसा मुंडा समाधि स्थल पर समापन हुआ।
खूंटी के उलिहातू स्थित बिरसा मुंडा की जन्मस्थली से शुरू हुई यह पदयात्रा करीब 73 किलोमीटर की दूरी तय कर रांची पहुंची। इसमें हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और जनजातीय समाज के लोग शामिल हुए।
पदयात्रा की शुरुआत से पहले बिरसा मुंडा संग्रहालय में धरती आबा के स्मृति स्थल पर पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद बिरसा रथ में स्थापित उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए गए।
बड़े नेताओं ने दिखाई हरी झंडी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर पदयात्रा को रवाना किया था।
तीन दिनों तक चली इस यात्रा में जगह-जगह जनजातीय संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिली। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर पारंपरिक नृत्य करते हुए धरती आबा के संघर्ष और बलिदान को याद किया।
कोकर स्थित बिरसा समाधि स्थल पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, बाबूलाल मरांडी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर आदित्य साहू ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है।
उन्होंने जल, जंगल और जमीन के साथ जनजातीय समाज की अस्मिता की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ ऐतिहासिक उलगुलान किया था।
73 किलोमीटर की यह पदयात्रा महज दूरी तय करने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि उनके विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प है।
वहीं, बाबूलाल मरांडी ने कहा कि बिरसा मुंडा ने अन्याय और शोषण के खिलाफ संघर्ष की प्रेरणा पूरे देश को दी। उनका बलिदान झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश की अमूल्य धरोहर है। धरती आबा के सपनों का झारखंड बनाने के लिए सभी को संकल्पित होना होगा।
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान और सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने बिरसा मुंडा को झारखंड की पहचान, अस्मिता और स्वाभिमान का प्रतीक बताते हुए कहा कि उलिहातू से समाधि स्थल तक निकली पदयात्रा जनजातीय एकता और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का प्रयास है।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, बाबूलाल मरांडी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन कुमार साय, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, गीता कोड़ा, गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी, समीर उरांव, सीपी सिंह, सुदर्शन भगत, गंगोत्री कुजूर, शिवशंकर उरांव, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो समेत पार्टी के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।