रांची के BIT मेसरा में छात्र को करंट लगने पर भड़के 600 छात्र, VC आवास का किया घेराव; व्यवस्था पर उठे सवाल
बीआइटी मेसरा में वालीबॉल खेलते समय एक छात्र को करंट लगने के बाद लगभग 600 छात्रों ने कुलपति आवास का ...और पढ़ें

रांची के बीआईटी मेसरा में हंगामा। जागरण
HighLights
वालीबॉल खेलते समय छात्र निशांत को लगा करंट।
करीब 600 छात्रों ने कुलपति आवास का घेराव किया।
जागरण संवाददाता, रांची। बीआईटी मेसरा में मंगलवार देर शाम वालीबाल खेलते समय ईसीई विभाग के प्रथम वर्ष के छात्र निशांत को करंट लगने के बाद जमकर हंगामा हुआ। घटना के बाद करीब 600 की संख्या में छात्र बीआइटी मेसरा स्थित कुलपति इंद्रनील मन्ना के आवास के सामने पहुंच गए और घेराव कर दिया।
छात्रों ने संस्थान की व्यवस्था और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। देर रात तक छात्र वहां जुटे रहे और प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठाते रहे। बताया गया कि वालीबाल खेलने के दौरान छात्र निशांत करंट की चपेट में आ गया। घटना के बाद उसे तत्काल बीआईटी मेसरा की डिस्पेंसरी ले जाया गया।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हॉस्टल भेज दिया गया। हॉस्टल पहुंचने के बाद उसकी बेचैनी बढ़ गई। इसके बाद उसे मणिपाल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे आईसीयू में रखा। चिकित्सकों के अनुसार, छात्र की सभी जांच फिलहाल सामान्य पाई गई हैं। वह होश में है और खतरे से बाहर बताया गया है।
-1791358659473.webp)
प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में छात्र आक्रोशित हो गए। छात्रों का कहना था कि परिसर में विद्युत सुरक्षा को लेकर पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। उनका आरोप था कि प्रबंधन की लापरवाही के कारण विद्यार्थी की जिंदगी खतरे में पड़ गई। छात्रों ने कहा कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो ऐसी घटनाएं दोबारा हो सकती हैं।
छात्रों ने हॉस्टल के गीजर में भी करंट महसूस होने की शिकायत की। उनका कहना था कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े कई स्तरों पर लापरवाही बरती जा रही है। इसी को लेकर छात्रों ने कुलपति के आवास का घेराव कर व्यवस्था के खिलाफ जमकर विरोध किया।

देर रात तक चलता रहा हंगामा
करीब 600 छात्रों के एक साथ कुलपति आवास पहुंचने से परिसर में देर रात तक गहमागहमी बनी रही। छात्र घटना को लेकर प्रबंधन से जवाब मांग रहे थे। उनका कहना था कि विद्यार्थी संस्थान में पढ़ाई के साथ-साथ अपनी सुरक्षा को लेकर भी आश्वस्त रहना चाहते हैं। छात्रों ने विद्युत व्यवस्था और हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने की मांग उठाई।
